कंचनपुर थाना क्षेत्र में अवैध बालू ढुलाई एक परिवार

बालू लदे बेकाबू ट्रैक्टर ने 15 साल के किशोर को रौंदा, मौत के बाद भड़का आक्रोश; बाजार बंद कर सड़क पर जलाए टायर

Sand-Laden Tractor Crushes 15-Year-Old Boy

औरंगाबाद {बिहार}: कंचनपुर थाना क्षेत्र में अवैध बालू ढुलाई एक परिवार के लिए काल बन गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आकर केताकी मठ पर के 15 वर्षीय प्रिंस कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में तनाव फैल गया और ग्रामीण सड़कों पर उतर आए।

दोस्तों के साथ टहल रहा था प्रिंस

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रिंस अपने दो साथियों के साथ एरोरा गांव के पास टहल रहा था। इसी दौरान केताकी की दिशा से आ रहा बालू से भरा ट्रैक्टर नियंत्रण खो बैठा और सीधे प्रिंस को रौंद दिया। उसके दोनों दोस्त बाल-बाल बच गए। घायलों को आनन-फानन में औरंगाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जैसे ही पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा, लोगों का सब्र टूट गया। केताकी बाजार को बंद कर दिया गया और मुख्य मार्ग पर टायर जलाकर चक्काजाम कर दिया गया। बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष सड़क पर उतरकर प्रशासन विरोधी नारे लगाने लगे।

अवैध बालू कारोबार को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि क्षेत्र में अवैध बालू का कारोबार बेखौफ चल रहा है। नाबालिगों से वाहन चलवाए जा रहे हैं। इसी लापरवाही की वजह से एक मासूम की जान गई है। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक और मालिक पर हत्या का केस दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस ने ट्रैक्टर किया जब्त

सूचना पर कंचनपुर और देव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे में प्रयुक्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। हालांकि हादसे के बाद चालक और मालिक फरार हो गए हैं। दोनों थानों के प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर कैंप किए हुए हैं। समाचार लिखे जाने तक जाम बरकरार था और केताकी बाजार पूरी तरह बंद रहा। ग्रामीण अधिकारियों के आश्वासन के बाद ही जाम हटाने को तैयार हैं।

यह भी पढ़े: झटका मशीन की चपेट में किशोर की मौत मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार