बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में रेंजर के बंगले से चंदन का पेड़ चोरी, वन विभाग ने शुरू की जांच
उमरिया,(मध्य प्रदेश)। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर वन परिक्षेत्र में रेंजर के शासकीय बंगले से चंदन का बहुमूल्य पेड़ चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है, वहीं अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस को पत्र भेजा गया है।
चंदन और सागौन के पेड़ चोरी
जानकारी के अनुसार, मानपुर वन परिक्षेत्र के तत्कालीन रेंजर मुकेश अहिरवार के स्थानांतरण के बाद उनका शासकीय आवास खाली पड़ा था। परिसर में चंदन, सागौन सहित अन्य मूल्यवान पेड़ लगे हुए थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोर पहले सागौन का पेड़ काटकर ले गए और बाद में चंदन के पेड़ को भी निशाना बनाया। चंदन की ऊंची बाजार कीमत को देखते हुए इसे सुनियोजित चोरी माना जा रहा है।
सूचना मिलने पर वन विभाग मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। सहायक संचालक मानपुर नितिन निगम ने पुलिस को पत्र भेजकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है।
चंदन पेड़ चोरी पर एफआईआर दर्ज
सहायक संचालक नितिन निगम ने बताया कि चंदन का पेड़ चोरी होने की सूचना मिलते ही पुलिस को एफआईआर दर्ज कराने के लिए पत्र भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और चोरी में शामिल लोगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। वन विभाग का कहना है कि जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः भारत में व्यापार और NBFC सेक्टर को कर्ज देने की रफ्तार बढ़ने की उम्मीद, डिजिटल इकोनॉमी से मिलेगा बल