हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी से मिले संजय मेहता, बिहार में निवेश और विकास पर हुई चर्चा
औरंगाबाद: बिहार प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजय मेहता ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का संदेश लेकर चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को अशोक स्तंभ भेंटकर सम्मानित किया। बैठक में बिहार के विकास, निवेश, उद्योग, सुशासन और पंचायती राज व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बिहार के विकास मॉडल की दी जानकारी
संजय मेहता ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को बिहार में तेजी से बदल रहे औद्योगिक और निवेश के माहौल की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य में सुशासन को मजबूती मिली है और कानून-व्यवस्था, सड़क, बिजली, आधारभूत ढांचे, प्रशासनिक पारदर्शिता तथा निवेशकों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने की दिशा में लगातार काम हो रहा है।
हरियाणा के उद्योगपतियों को दिया निवेश का न्योता
मुलाकात के दौरान संजय मेहता ने हरियाणा के उद्योगपतियों और उद्यमियों से बिहार में निवेश करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योग स्थापित करने वाले निवेशकों को हरसंभव सहयोग, आवश्यक सुविधाएं और प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराएगी। उनके अनुसार, बिहार आज निवेश और औद्योगिक विस्तार के लिए बेहतर संभावनाओं वाला राज्य बनकर उभर रहा है।
नायब सिंह सैनी ने की विकास कार्यों की सराहना
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बिहार में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य नई विकास दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार आने वाले समय में अपने विकास विजन और जनहितकारी योजनाओं के दम पर देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।
पंचायती राज व्यवस्था की भी सराहना
नायब सिंह सैनी ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा कैबिनेट में लिए जा रहे निर्णय आम जनता के हित में हैं। उन्होंने विशेष रूप से पंचायती राज व्यवस्था में नए प्रावधानों के तहत चुनाव कराने के निर्णय की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे स्थानीय स्वशासन और लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
निवेश और रोजगार पर सरकार का फोकस
संजय मेहता ने कहा कि बिहार सरकार निवेश, रोजगार सृजन, औद्योगिक विकास और आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि हरियाणा के उद्योगपति भी बिहार में निवेश कर राज्य के विकास और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
यह भी पढ़े: औरंगाबाद पुलिस का बड़ा अभियान, हत्या के प्रयास समेत 35 आरोपी गिरफ्तार