सहारनपुर में पकड़ा गया 1400 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब से भरा ट्रक, तस्कर गिरफ्तार
सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। सहारनपुर जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सरसावा पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1400 पेटी अंग्रेजी शराब से भरे एक कैंटर/ट्रक को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को मुखबिर से मिली थी अवैध शराब की जानकारी
एसएसपी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी नकुड़ के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप क्षेत्र से गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर सरसावा-अंबाला रोड स्थित टोल प्लाजा के आगे संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान ट्रक से 1400 पेटी अवैध शराब बरामद
चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कैंटर को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में ट्रक से 1400 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जो विभिन्न ब्रांडों की थी और जिन पर केवल चंडीगढ़ राज्य में बिक्री हेतु अनुमन्य अंकित था। मौके से ट्रक चालक मोहन लाल पुत्र गुणेश राम निवासी लीलासर कोलू, जिला बाड़मेर (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर चंडीगढ़ से सस्ते दामों पर शराब खरीदकर विभिन्न राज्यों में अधिक कीमत पर सप्लाई करता था। इस अवैध कारोबार से होने वाली कमाई को सभी साथी आपस में बांट लेते थे।
अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना सरसावा में आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों और शराब तस्करी के नेटवर्क की तलाश में जुटी है। अवैध शराब परिवहन में संलिप्त ट्रक को भी कब्जे में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: हॉस्टल में खाना बनाते समय फटा कुकर, CCTV में कैद हुआ हादसा