मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर में रविवार रात एक एसबीआई

टिफिन कम मिला तो SBI गार्ड ने तानी बंदूक, कर दिया हवाई फायर; मची भगदड़

SBI Guard Opens Fire After Getting Less Food, Panic Ensues

नरसिंहपुर: मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर में रविवार रात एक एसबीआई की एसीबी शाखा में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बैंक में तैनात गार्ड ने अचानक अपनी बंदूक से फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने घटना के बारे में जानकारी ली तो पता चला कि गार्ड को एक टिफिन कम मिलने पर विवाद हुआ और बैंक के गार्ड ने हवाई फायर कर दिया। पुलिस ने गार्ड को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई जारी कर दी है।

11 टिफिन मंगवाए गए थे

जानकारी के अनुसार बताया गया है कि रविवार रात भारतीय स्टेट बैंक कृषि वाणिज्यिक शाखा में फर्नीचर का काम चल रहा था। इसी दौरान स्थानीय टिफिन सेंटर संचालक विपिन नेमा अपने दो बच्चों के साथ बैंक में टिफिन देने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि काम कर रहे मजदूरों और गार्ड के लिए 11 टिफिन मंगवाए गए थे, लेकिन एक टिफिन कम आने को लेकर गार्ड राजकुमार नाराज हो गया।

टिफिन कम होने पर शुरू हुआ विवाद

इसी बात को लेकर गार्ड और टिफिन सेंटर संचालक के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर राजकुमार ने अपनी बंदूक उठा ली और फायरिंग कर दी। अचानक गोली चलने से मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए आसपास के कोनों में छिप गए। फिर कुछ लोग मौके पर पहुंचे तो उन्हें पता चला कि टिफिन को लेकर विवाद हुआ।

पुलिस ने गार्ड को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और गार्ड राजकुमार को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसकी बंदूक भी अपने कब्जे में ली है। आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने देर रात बैंक गार्ड राजकुमार के खिलाफ थाने में धारा 296बी, 125 बीएनएस के तहत मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई जारी कर दी है।

ये भी पढ़ें: असलहा तस्करी का बड़ा खुलासा: गोरखपुर में दो तस्कर गिरफ्तार, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कनेक्शन की जांच