बरेली में सीमेंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से स्कूली छात्र की मौत, चाचा गंभीर रूप से घायल
बरेली (उत्तर प्रदेश)। जनपद के थाना शाही क्षेत्र के धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर शुक्रवार सुबह आनंदपुर गांव के पास सीमेंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार कक्षा पांच के छात्र सिद्धार्थ गुप्ता (14) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका चाचा शानू गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया।
स्कूल बस पकड़ने जा रहे थे चाचा-भतीजा
दुनका निवासी सौरभ गुप्ता का पुत्र सिद्धार्थ दिल्ली पब्लिक स्कूल में कक्षा पांच में पढ़ता था। शुक्रवार सुबह वह अपने चाचा शानू के साथ बाइक से मिर्जापुर जा रहा था, जहां से उसे स्कूल बस पकड़नी थी। आनंदपुर गांव के पास धनेटा की ओर से आ रही सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सिद्धार्थ सड़क पर जा गिरा और ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने घायल को भेजा अस्पताल
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल शानू को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बरेली रेफर कर दिया गया। पुलिस ने छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में लेकर दुनका चौकी में खड़ी करा दी। सिद्धार्थ दो भाइयों में बड़ा था। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के समय उसके पिता राजस्थान गए हुए थे।
यह भी पढ़ें: गया में सीएम के आगमन से पहले व्यवसायी से मारपीट और 15 लाख की लूट, दुकान में तोड़फोड़