मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक बड़ी लापरवाही का

ट्रेन आने से पहले रेलवे ट्रैक पर फंसी बच्चों से भरी स्कूल वैन, गेटमैन की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

School Van Stuck on Track

राजगढ़ { मध्य प्रदेश}: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। सारंगपुर-आगर मार्ग स्थित रेलवे ट्रैक क्रमांक-159 पर स्कूली बच्चों से भरी एक मैजिक वैन रेलवे फाटक के अंदर ट्रैक पर फंस गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

जल्दबाजी में फाटक पार करने की कोशिश

जानकारी के अनुसार, ट्रेन आने का समय होने के कारण रेलवे फाटक बंद किया जा रहा था। इसी दौरान स्कूल वैन चालक ने जल्दबाजी दिखाते हुए फाटक पार करने का प्रयास किया। इसी बीच फाटक बंद हो गया और बच्चों से भरी वैन रेलवे ट्रैक के अंदर फंस गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे गेटमैन ने तुरंत सतर्कता दिखाई। उसने पहले ट्रेन की स्थिति सुनिश्चित की और उसके बाद सुरक्षित तरीके से रेलवे फाटक खोलकर स्कूल वैन को ट्रैक से बाहर निकाला। गेटमैन की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।

ट्रेन आ जाती तो हो सकता था बड़ा हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि उसी समय ट्रेन ट्रैक पर पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था और वैन में सवार मासूम बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती थी। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने पुलिस को मामले की जांच कर वैन चालक के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित स्कूल के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई करने और रेलवे विभाग को वैन चालक पर नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए पत्र भेजा गया है।

यह भी पढ़े: इटावा में पुलिस मुठभेड़: चेन लूट का वांछित बदमाश गोली लगने के बाद गिरफ्तार, तमंचा और नकदी बरामद