भारी बारिश और जलभराव के चलते चंदौली में स्कूल बंद, शिक्षकों-कर्मचारियों की स्कूल में उपस्थिति अनिवार्य
चंदौली: जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और कई क्षेत्रों में अत्यधिक जलजमाव को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद चंदौली में कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यालयों को बुधवार, 2 सितंबर 2026 को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी कर सभी संबंधित विद्यालयों को निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा है।
ये स्कूल किए गए बंद
जारी किए गए आदेश के अनुसार, 2 सितंबर को जनपद के सभी परिषदीय, राजकीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, आईसीएसई, सीबीएसई और अन्य बोर्ड से संचालित हिंदी और अंग्रेजी मीडियम की कक्षा एक से आठ तक के स्कूल बंद रहेंगे। प्रशासन ने यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है।
शिक्षकों-कर्मचारियों की स्कूल में उपस्थिति अनिवार्य
हालांकि स्कूलों में शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। सभी शिक्षक एवं कर्मचारी विद्यालय पहुंचकर अपार आईडी, डीबीटी, यू-डायस समेत अन्य विभागीय कार्यों को पूरा करेंगे। यानी विद्यार्थियों के लिए विद्यालय बंद रहेंगे, लेकिन शिक्षकों और कर्मचारियों को विभागीय दायित्वों का निर्वहन करना होगा।
बारिश और जलभराव के चलते बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल बंद
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों और प्रभारी प्रधानाध्यापकों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला सूचना अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है। लगातार बारिश के कारण जिले के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन की ओर से बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विद्यालय बंद रखने का फैसला लिया गया है।
ये भी पढ़ें- गंगा का जलस्तर बढ़ने से जलमग्न हुआ शवदाह स्थल, अंतिम संस्कार के लिए भटक रहे लोग