शिवपुरी में देश के 7वें राष्ट्रीय डाक प्रशिक्षण केंद्र का भूमि पूजन
शिवपुरी: केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने शिवपुरी प्रवास के तीसरे दिन जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। उन्होंने ककरवाया में देश के 7वें राष्ट्रीय स्तर के डाक प्रशिक्षण केंद्र का भूमि पूजन किया। यह प्रशिक्षण केंद्र बनने के बाद मध्य प्रदेश सहित पड़ोसी राज्यों के डाक कर्मचारियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।
शिवपुरी में राष्ट्रीय डाक प्रशिक्षण केंद्र और 'जन-सेवा कनेक्ट' सुविधा का शुभारंभ
राष्ट्रीय स्तर के इस डाक प्रशिक्षण केंद्र के माध्यम से डाक विभाग के कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने और उन्हें आधुनिक तकनीक एवं नई व्यवस्थाओं से प्रशिक्षित करने पर जोर दिया जाएगा। इससे मध्य प्रदेश के साथ आसपास के राज्यों के डाक कर्मचारियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने आधुनिकीकरण योजना के तहत अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ सौंदर्यीकृत शिवपुरी प्रधान डाकघर का भी लोकार्पण किया। यहां नागरिकों की सुविधा के लिए 'जन-सेवा कनेक्ट' सुविधा शुरू की गई है। इस सुविधा के माध्यम से नागरिकों को स्पीड पोस्ट, बचत बैंक, आधार, डाक जीवन बीमा, पार्सल और विभिन्न वित्तीय सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिल सकेगा।
'जन-सेवा कनेक्ट' से एक ही जगह मिलेंगी कई सुविधाएं
इससे अलग-अलग सेवाओं के लिए नागरिकों को अलग-अलग स्थानों पर जाने की जरूरत कम होगी। कार्यक्रम में शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, कोलारस विधायक महेंद्र यादव, पिछोर विधायक प्रीतम लोधी, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा IAS, पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमलता रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री के शिवपुरी प्रवास के दौरान जिले में डाक विभाग से जुड़े इन दोनों महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स की शुरुआत को क्षेत्र में डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण और विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें- वीडियो वायरल होने के बाद रागिनी के गांव पहुंचे ये लोग, बच्ची को दिया मदद का आश्वासन