रायबरेली में कार और स्कूटी की टक्कर के बाद कार के

रायबरेली में भीषण सड़क हादसा: कार व स्कूटी की टक्कर के बाद ट्रक से टकराई कार,स्कूटी सवार युवक की मौत, दो घायल

Scooter rider killed in horrific road accident in Raebareli after car, scooter and truck collision

रायबरेली,(उत्तर प्रदेश)। लालगंज थाना क्षेत्र के आनापुर मोड़ के पास बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद भागने के प्रयास में कार चालक नियंत्रण खो बैठा और उसकी कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में स्कूटी सवार एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि कार चालक सहित दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

सामने से आ रही कार ने स्कूटी में मारी टक्कर

​मिली जानकारी के अनुसार, पूरे जबर गांव निवासी सचिन (20) पुत्र राम सुमेर, जिनकी ग्राम दोसड़का में ऑटो पार्ट्स की दुकान है, बुधवार को लालगंज कस्बा से ऑटो पार्ट्स का सामान खरीदने आए थे। देर रात वह दवामऊ गांव निवासी अपने साथी अंकित के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे, जैसे ही वे आनापुर मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी, कि सचिन और अंकित सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।

​भागने के चक्कर में ट्रक से भिड़ी कार

​स्कूटी को टक्कर मारने के बाद कार चालक कार लेकर मौके से भागने लगा। लेकिन कुछ ही दूरी पर वह नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा भिड़ी। कार चालक की पहचान अम्बारा पश्चिम गांव निवासी अभिषेक वाजपेयी (25) के रूप में हुई है। इस टक्कर में कार चालक अभिषेक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में तोड़ा दम, हेलमेट न पहनना पड़ा भारी

​घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस कार चालक अभिषेक को लेकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लालगंज पहुंची। वहीं, हादसे की जानकारी मिलने पर सचिन के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े सचिन व अंकित को बाइक से सीएचसी लेकर आए। यहां इलाज के दौरान सचिन की मौत हो गई। वहीं डॉक्टरों ने अंकित और अभिषेक की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के वक्त सचिन ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। ​लालगंज कोतवाली प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया, कि हादसे में एक युवक की मृत्यु हुई है और दो लोग घायल हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ेंः अमेठी में ट्रेन की चपेट में आने से व्यापारी की मौत, लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर हुआ हादसा