क्रेन से घर की छत पर पहुंचाई गई Scorpio, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
गोपालगंज (बिहार)। जिले से एक अनोखा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक Mahindra Scorpio Classic को क्रेन की मदद से दो मंजिला मकान की छत पर चढ़ाते हुए देखा जा सकता है। भारी-भरकम स्कॉर्पियो को क्रेन से उठाकर बेहद सावधानी के साथ मकान की छत पर उतारा गया। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
गाड़ी को चोरी से बचाने के लिए घर की छत पर रखा
स्थानीय लोगों के अनुसार, मामला मांझा थाना क्षेत्र के मीरा टोला का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले मनोज यादव के पास हाल ही में नई Scorpio Classic आई थी। बताया जाता है कि मनोज यादव इजरायल में नौकरी करते हैं और परिवार में पति-पत्नी रहते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मनोज यादव के विदेश जाने के बाद उनकी Scorpio की देखभाल के लिए एक ड्राइवर गाड़ी चलाता था। कुछ समय बाद ड्राइवर के भी विदेश चले जाने के बाद वाहन की सुरक्षा को लेकर परिवार की चिंता बढ़ गई। इसी बीच गाड़ी को चोरी से बचाने और सुरक्षित रखने के लिए उसे घर की छत पर रखने का फैसला लिया गया।
क्रेन की मदद से Scorpio को छत पर पहुंचाया
इसके बाद क्रेन की मदद से Scorpio को जमीन से उठाकर मकान की दूसरी मंजिल की छत पर पहुंचाया गया। वायरल वीडियो में क्रेन द्वारा वाहन को हवा में उठाकर धीरे-धीरे छत तक ले जाते और फिर सावधानी से उतारते हुए देखा जा सकता है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे वाहन की सुरक्षा का अनोखा तरीका बता रहे हैं, जबकि कई लोग मकान की छत की मजबूती और इतनी भारी गाड़ी रखने की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर कौतूहल और चर्चा का विषय
हालांकि, छत की भार क्षमता, वाहन को छत पर रखने की तकनीकी सुरक्षा और इस पूरे मामले को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में वायरल वीडियो और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर ही मामले की चर्चा हो रही है। फिलहाल गोपालगंज के मांझा में ‘छत पर Scorpio’ का यह वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों के बीच कौतूहल और चर्चा का विषय बना हुआ है।
यह भी पढ़ेंः बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर हालात का लेंगे जायजा: सीएम योगी