उफनती नदी के बीच टापू पर फंसे 07 लोगों को SDRF ने बचाया सकुशल
देहरादून: उफनती नदी के बीच टापू पर फंसे 07 व्यक्तियों को एसडीआरएफ ने साहसिक अभियान चलाकर सकुशल बचाया। एसडीआरएफ को सूचना मिली कि थाना कैंट क्षेत्रान्तर्गत संतला देवी मंदिर के पास नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाने के कारण 07 व्यक्ति नदी के बीच बने टापू पर फंस गए हैं, जहां तत्काल रेस्क्यू की आवश्यकता है।
उफनती नदी में चलाया रेस्क्यू अभियान
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट सहस्त्रधारा से उप निरीक्षक राजबर राणा के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बहाव अत्यधिक बढ़ चुका था। चारों ओर से उफनती धारा से घिरे सभी व्यक्ति नदी के बीच बने टापू पर फंस गए थे। किसी भी प्रकार खुद सुरक्षित बाहर निकल पाना संभव नहीं था। परिस्थितियों की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ टीम ने सिविल पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर बिना विलंब उफनती नदी में रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
07 व्यक्तियों तक बनाई सुरक्षित पहुंच
तेज बहाव फिसलनयुक्त तट व प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ के प्रशिक्षित जवानों ने उच्च स्तरीय पेशेवर दक्षता, सूझबूझ एवं साहस का परिचय देते हुए विशेष रेस्क्यू उपकरणों की सहायता से सभी 07 व्यक्तियों तक सुरक्षित पहुंच बनाई। सुनियोजित व जोखिमपूर्ण अभियान के दौरान सभी व्यक्तियों को एक-एक कर सुरक्षित नदी से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। एसडीआरएफ की त्वरित प्रतिक्रिया, उत्कृष्ट समन्वय व कुशल रेस्क्यू क्षमता के परिणामस्वरूप एक संभावित जनहानि को टालते हुए सभी 07 व्यक्तियों का जीवन सुरक्षित बचाया गया।
ये भी पढ़ें- खेत से लौटते समय धारदार हथियार से हमला; भाई और भतीजे पर आरोप