दंतेवाड़ा में नक्सल विरोधी अभियान, 18 लाख रुपये के हथियार, विस्फोटक और सोना बरामद
दंतेवाड़ा,(छत्तीसगढ़)। में सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए हथियार, विस्फोटक, नकदी और करीब 18 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की है। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई बारसूर थाना क्षेत्र के तोडमा गांव के जंगलों में विशेष खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान की गई।
अभियान में सुरक्षा बलों ने लगभग 16 लाख के सामान किए जब्त
अभियान में सुरक्षा बलों ने लगभग 16 लाख रुपये मूल्य का 116 ग्राम वजनी सोने का बिस्कुट, 2 लाख रुपये नकद, एक INSAS राइफल, 16 INSAS मैगजीन, चार AK-47 मैगजीन, 23 SLR मैगजीन, पांच 12-बोर बंदूकें और तीन BGL लॉन्चर जब्त किए। इसके अलावा, भारी मात्रा में विस्फोटक और बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद हुई। इनमें टिफिन बम, पाइप बम, तीर बम, ग्रेनेड, दो देसी मोर्टार, जिलेटिन स्टिक, डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर और प्रेशर कुकर शामिल हैं।
क्षेत्र में सक्रिय नक्सलियों के रसद नेटवर्क को बड़ा झटका
तलाशी के दौरान नक्सलियों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली दवाइयां, वर्दी का कपड़ा और अन्य आवश्यक सामान भी बरामद किया गया। अधिकारियों का कहना है, कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नक्सलियों के रसद नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। उधर, कांकेर जिले में भी सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक नक्सली ठिकाने से हथियार और अन्य सामग्री बरामद की। यह कार्रवाई कांकेर-नारायणपुर सीमा के पास अल्परास और गुमचुर गांवों के बीच स्थित जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत चलाए गए तलाशी अभियान में की गई।
मामले की आगे की जांच जारी
यहां से दो .303 राइफलें, गोला-बारूद, एक लैपटॉप, एक टैबलेट, तीन वायरलेस बैटरियां, एक रेडियो सेट, दो नक्सली वर्दियां, पांच पाउच, दो चार्जर और एक बैटरी जब्त की गई। साथ ही नक्सली साहित्य और संगठन से जुड़ी अन्य सामग्री भी बरामद हुई। अधिकारियों के अनुसार, ये दोनों कार्रवाईयां क्षेत्र में चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों का हिस्सा हैं, जिनका उद्देश्य नक्सलियों के नेटवर्क, ठिकानों और रसद व्यवस्था को कमजोर करना है। मामले की आगे की जांच जारी है। (ANI)
यह भी पढ़ेंः आज आषाढ़ कृष्ण चतुर्दशी, ध्रुव योग और शुभ मुहूर्त का विशेष संयोग