वाराणसी एयर शो से पहले अंधऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षा सख्त, 4 गांवों के लिए दिशा-निर्देश जारी
गाजीपुर: वाराणसी में प्रस्तावित एयर शो के मद्देनजर गाजीपुर के अंधऊ एयरपोर्ट को वायुसेना के विमानों और हेलीकॉप्टरों के संचालन के लिए सक्रिय किया जाएगा। इसे देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने एयरपोर्ट के फनल एरिया में आने वाले अंधऊ, ईनरवा, विराईच और चकहुसान गांवों के ग्रामीणों के लिए 15 से 27 अक्टूबर तक सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों के अनुसार, एयरपोर्ट के 2 से 3 किलोमीटर के दायरे में आने वाली मीट की दुकानें बंद रहेंगी।
एयरपोर्ट की सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त
खुले मांस के कारण पक्षियों के एकत्र होने और विमानों से टकराने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों से मवेशियों और पालतू जानवरों को एयरपोर्ट की बाउंड्री के आसपास खुला नहीं छोड़ने, पतंगबाजी से दूर रहने और सुरक्षा दीवार लांघकर प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने की अपील की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हवाई संचालन और राष्ट्रीय सुरक्षा में बाधा डालने वाली गतिविधियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने ग्रामीणों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और पुलिस व वायुसेना को सहयोग देने की अपील की है।
ये भी पढ़ें- मोतिहारी में अंग्रेजों के जमाने का कछुआ नदी पुल ध्वस्त, हादसे में एक की मौत और चार गंभीर