देहरादून के सेलाकुई में जन्मदिन की पार्टी में नहीं

सेलाकुई में जन्मदिन की पार्टी में मामूली विवाद पर हुई युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Accused arrested in the Selaqui murder case

देहरादून (उत्तराखंड)। विकासनगर के सेलाकुई में हुई हत्या की वारदात का दून पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर खुलासा किया। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी और मृतक एक-दूसरे के परिचित थे और सेलाकुई के जमनपुर की एक ही बिल्डिंग में किराये पर रहते थे।

पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी हुआ फारार

21 सितंबर की देर रात जमनपुर इलाके में राजपाल नाम के युवक को चाकू मारने की सूचना कंट्रोल रुम के जरिए पुलिस को मिली थी, सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल राजपाल को 108 एंबुलेंस से सुभारती अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी जितेंद्र कुमार पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके से फरार हो गया था।

पार्टी में नहीं बुलाने पर हुआ था खूनी विवाद

पुलिस जांच और आरोपी से पूछताछ के बाद में सामने आया कि आरोपी जितेंद्र कुमार की बेटी का पहला जन्मदिन था और घर पर जन्मदिन की पार्टी रखी गई थी। पूर्व परिचित और एक ही बिल्डिंग में रहने के बावजूद मृतक राजपाल को पार्टी में नहीं बुलाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बड़ा कि राजपाल ने जितेन्द्र को थप्पड़ मार दिया। जिसके बाद तैश में आए जितेंद्र ने चाकू से राजपाल के सीने पर वार कर दिया और मौके से फरार हो गया।

सहसपुर से गिरफ्तार हुआ मुख्य आरोपी जितेंद्र

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपी जितेंद्र कुमार को 22 सितंबर को मेंटल हॉस्पिटल रोड, सहसपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

यह भी पढ़ें: निठारी हत्याकांड के आरोपी सुरेंद्र कोली ने हरिद्वार में कथित तौर पर की आत्महत्या