प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या का सनसनीखेज आरोप, बंधे हुए हाथों से पेड़ पर लटका मिला शव
मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश)। जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां परिजनों ने अपने बेटे की हत्या कर पेड़ पर लटकाने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। मामला संतनगर थाना क्षेत्र का है। पीड़ित पिता विश्वम्भर कुमार के अनुसार, उनके पुत्र शिवम का गांव की ही एक युवती बेबी उर्फ बबिता से प्रेम-प्रसंग था। आरोप है कि जब शिवम ने शादी से इनकार किया तो युवती के परिजन उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाया
परिजनों के अनुसार, 6 सितंबर 2024 को युवती पक्ष ने सुनियोजित तरीके से शिवम को घर से दीपनगर बुलाया। रात को शिवम घर नहीं लौटा तो परिजनों ने काफी तलाश की। उसी रात 10:08 मिनट पर युवती ने फोन कर कहा कि "शिवम अब घर नहीं आएगा, उसे भूल जाओ, अब तुम लोग उसका मरा हुआ मुंह ही देखोगे।" कुछ देर बाद गांव के एक व्यक्ति से पता चला कि शिवम का शव पेड़ पर लटका है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि शिवम की हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया गया है।
युवती और दो अन्य युवक पर आरोप
परिजनों का आरोप है कि युवती ने अपने परिवार और दो अन्य युवकों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। परिजनों का सबसे बड़ा आरोप है कि मृतक शिवम के दोनों हाथ बंधे हुए थे। अगर यह आत्महत्या थी तो हाथ किसने और क्यों बांधे? परिजनों का आरोप है कि शिवम का मल्टीमीडिया मोबाइल गायब है। आशंका है कि मोबाइल में युवती और उसके परिवार से जुड़े कई राज थे, इसलिए सबूत मिटाने के लिए मोबाइल गायब कर दिया गया।
पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए
परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को नहीं बुलाया और हड़बड़ी में शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आखिर पुलिस को ऐसी क्या जल्दी थी कि बिना साक्ष्य जुटाए ही शव उतार दिया? पीड़ित पिता ने थाने पर सूचना दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई तो अब एसपी से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
यह भी पढ़ेंः अमदरा में दर्दनाक सड़क हादसा, कुत्ते को बचाने के चक्कर में पलटा ट्रैक्टर; चालक की मौत और तीन घायल