भोपाल में सनसनीखेज वारदात, लिव-इन पार्टनर पर हथौड़े से हमला कर प्रेमी ने की आत्महत्या
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के पिपलानी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोनागिरि सी-सेक्टर में रविवार सुबह एक प्रेमी ने अपनी लिव-इन पार्टनर पर जानलेवा हमला कर दिया और बाद में खुद भी आत्महत्या कर ली।
लिव-इन पार्टनर के साथ हुआ था विवाद
घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, सोनागिरि सी-सेक्टर में रहने वाले एक व्यक्ति, जिसकी पहचान लक्ष्मण प्रसाद रिछारिया के रूप में हुई है। उसका अपनी लिव-इन महिला पार्टनर के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि लक्ष्मण प्रसाद ने गुस्से में आकर महिला के सिर पर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे महिला का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी।
प्रेमी को लगा कि महिला मर गई, खुद पर किया चाकू से वार
महिला को बेहोश और खून से लथपथ हालत में देखकर प्रेमी को लगा कि उसकी मौत हो चुकी है। अपनी पार्टनर को मृत समझकर आरोपी लक्ष्मण प्रसाद ने खौफनाक कदम उठाया। उसने खुद के गले और पेट पर चाकू से कई वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मचा हड़कंप, अस्पताल में भर्ती कराई गई महिला
इस खौफनाक वारदात की भनक लगते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिलने पर पिपलानी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने लक्ष्मण प्रसाद रिछारिया को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
पुलिस ने मृतक लक्ष्मण प्रसाद के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों के बीच विवाद की मुख्य वजह क्या थी, जिसने इस खूनी मोड़ को अख्तियार कर लिया।
इधर, सतना में कमरे में लटका मिला युवक का शव, नीचे खून से लथपथ पड़ी थी सरकारी शिक्षिका की लाश सतना जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। कोलगवां थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक कमरे के भीतर दो शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान 29 वर्षीय सरकारी शिक्षिका पूनम अहिरवार के रूप में हुई है, जिनका शव खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ा था। वहीं, उसी कमरे में उनके ऊपर अंबिकेश गौतम नाम के एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया गया।
तीसरी मंजिल से फेंका खून से सना तवा
घटनास्थल का नजारा बेहद खौफनाक था। पुलिस को मौके से एक तवा बरामद हुआ है, जिस पर खून और सिर के बाल चिपके हुए थे। शुरुआती जांच और परिस्थितियों को देखकर ऐसा लग रहा है कि इस तवे से शिक्षिका पर जानलेवा हमला किया गया था। वारदात को अंजाम देने के बाद उस खून से सने तवे को मकान की तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया था।
पिता ने जताया हत्या का शक
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। इस बीच, मृतका के पिता ने एक फल व्यापारी पर हत्या का गहरा शक जताया है। पुलिस प्रेम-प्रसंग, आपसी रंजिश और ऑनर किलिंग समेत सभी संभावित कोणों से इस मामले की बारीकी से तफ्तीश कर रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों और घटना के सही समय का खुलासा हो पाएगा। कोलगवां थाना पुलिस आस-पास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/sports/rahul-porel-and-axar-lead-delhi-capitals-to-thrilling-win/205737