PM मोदी के 76वें जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ, 250 बाइकों पर सवार 500 युवा ले रहे हिस्सा
वाराणसी (उत्तर प्रदेश)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी में 'सेवा संकल्प अभियान' का भव्य शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में रुद्राक्ष अंतरराष्ट्रीय सहयोग एवं सम्मेलन केंद्र में सभी नेताओं ने प्रधानमंत्री के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी 'जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष' का अवलोकन किया। इसके साथ ही रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री ने पीएम की कर्मभूमि वाराणसी से उनकी जन्मभूमि वडनगर जाने वाली 'सेवा संकल्प बाइक यात्रा' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस यात्रा में 250 बाइकों पर सवार 500 युवा हिस्सा ले रहे हैं।
सेवा संकल्प के 25 वर्ष और गौरवशाली यात्रा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस वर्ष को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के सेवा संकल्प के 25 वर्ष 7 अक्टूबर 2026 को पूरे होने जा रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि 7 अक्टूबर 2001 को मोदी जी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और बिना रुके 'चरैवेति-चरैवेति' के मंत्र के साथ देश को आगे बढ़ाया। तप, परिश्रम और साधना के साथ प्रधानमंत्री के रूप में उनकी यह गौरवशाली यात्रा देशवासियों को नए भारत पर गर्व करने का अवसर दे रही है। सीएम ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री के मजबूत नेतृत्व में आज का सुरक्षित भारत दुनिया से आंखें मिलाकर बात करता है।
काशी से वडनगर तक दो विशेष बाइक यात्राएं
सीएम योगी ने बताया कि आज से दो प्रमुख यात्राएं शुरू हो रही हैं। गुजरात के पौराणिक गांव वडनगर से, वहां की पावन नदियों के जल को लेकर 25-25 बाइकों के साथ 10 यात्राएं चलेंगी। इसी प्रकार उत्तर प्रदेश की 10 पावन नदियों का जल लेकर काशी से भी 10 यात्राएं विभिन्न मार्गों से होते हुए वडनगर प्रस्थान करेंगी। ये यात्राएं काशी और वडनगर के सांस्कृतिक महत्व को 10 राज्यों तक पहुंचाएंगी। यूपी की पवित्र नदियों का जल वडनगर में भगवान हाटकेश्वर को अर्पित किया जाएगा, जबकि गुजरात की नदियों का जल बाबा विश्वनाथ को समर्पित होगा।
गांव, गरीब, युवा और नारी जीवन में बड़ा बदलाव
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के कार्यकाल में आए सकारात्मक बदलावों का विस्तार से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश के गांव आत्मनिर्भर हो चुके हैं और पिछले 12 वर्षों में 4 करोड़ लोगों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा, 12 करोड़ घरों में बने शौचालय नारी गरिमा का बड़ा प्रतीक बने हैं। उज्ज्वला योजना के माध्यम से 11 करोड़ परिवारों की माताओं के जीवन में बदलाव आया है, जबकि देश के हर गांव तक इंटरनेट, बिजली और बैंकिंग सेवाएं सुलभ कराई गई हैं। आयुष्मान भारत योजना के जरिए 60 करोड़ लोगों को वार्षिक स्वास्थ्य बीमा कवर का लाभ मिल रहा है।
विरासत और विकास का अद्भुत समन्वय
सीएम योगी ने कहा कि आज भारत को दुनिया शक की निगाहों से नहीं देखती, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था दुनिया की टॉप-4 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुकी है। आज भारत में विरासत और विकास का एक अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है। काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में प्रभु श्रीराम का विराजमान होना, विंध्यवासिनी धाम कॉरिडोर और महाकुंभ जैसे आयोजन नए भारत के भव्य दर्शन कराते हैं। इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी सहित कई अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: “सभी सरकारी स्कूलों को ठीक करें”: CJP ने राजस्थान में आदिवासी स्कूल ठीक करो अभियान किया शुरू