कुचामन जिला अस्पताल में मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद स

कुचामन जिला अस्पताल में मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद 7 मरीजों में संक्रमण की आशंका

Seven Cataract Patients Referred After Suspected Post-Surgery Infection in Kuchaman

डीडवाना-कुचामन (राजस्थान)। जिले के राजकीय जिला अस्पताल, कुचामन सिटी में मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद सात मरीजों की आंखों में पोस्ट सर्जिकल संक्रमण (इन्फेक्शन) की आशंका का मामला सामने आया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी सात मरीजों को बेहतर उपचार के लिए जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं एहतियात के तौर पर अस्पताल के नेत्र रोग विभाग के ऑपरेशन थिएटर को सीज कर दिया गया है तथा पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।

नियमित जांच के दौरान मरीजों की आंखों में दिखे असामान्य लक्षण

जानकारी के अनुसार 28 जुलाई को राजकीय जिला अस्पताल कुचामन सिटी के नेत्र विभाग में सात मरीजों के मोतियाबिंद के ऑपरेशन किए गए थे। ऑपरेशन के अगले दिन नियमित जांच के दौरान मरीजों की आंखों में असामान्य लक्षण दिखाई दिए। विस्तृत परीक्षण में ऑपरेशन वाली आंखों में संक्रमण की आशंका सामने आई। प्रारंभ में पांच मरीजों को तत्काल SMS अस्पताल जयपुर भेजा गया, जबकि शेष दो मरीजों को भी बाद में रेफर कर दिया गया।

ऑपरेशन थिएटर हुआ सीज

मामले की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर अवधेश मीणा ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कुचामन उपखंड अधिकारी सुरेंद्र सिंह चौधरी को जिला अस्पताल भेजा। एसडीएम ने अस्पताल पहुंचकर प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. बलबीर ढाका, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राजकुमारी तथा डॉ. विनोद से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद नियमानुसार नेत्र रोग विभाग के ऑपरेशन थिएटर को सीज करवाया गया। चिकित्सा विभाग की जांच टीम के आने के बाद ऑपरेशन थिएटर और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जाएगी। जानकारी मिलने पर ADM डीडवाना रतन कुमार भी कुचामन पहुंचे और मामले की पूरी जानकारी ली।

यह भी पढ़ेंः सिंगरौली के बैगा आदिवासी मूलभूत सुविधाओं से वंचित, बिजली-पानी के लिए तरसे ग्रामीण