उत्तराखंड: चमोली में सुरंग में पानी और मलबा घुसने से सात लोगों की मौत
चमोली (उत्तराखंड)। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि चमोली के पिपलकोटी में टिहरी जल विकास निगम लिमिटेड (THDC) की निर्माणाधीन सुरंग में पानी और मलबा घुस जाने के बाद कई मजदूर फंस गए थे, जिन्हें बचाकर गोपेश्वर के जिला अस्पताल लाया गया। इनमें से सात लोगों को मृत घोषित कर दिया गया है।
सात मजदूरों को अस्पताल ने मृत घोषित कर दिया
डॉ. आयुष ने पत्रकारों को बताया, “THDC से कुल 19 लोगों को यहां लाया गया था; इनमें से सात को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया है। एक युवक, जिसकी हालत कुछ गंभीर थी, उसे श्रीनगर के बेस अस्पताल रेफर कर दिया गया है।”
25 मजदूरों को बचाया गया
सुरंग में फंसे बाकी मजदूरों को निकालने के लिए NDRF और SDRF की टीमें बचाव अभियान चला रही हैं। अधिकारियों ने शुरू में बताया था कि 25 मजदूरों को बचाया गया और इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि 3 मजदूर अभी भी अंदर फसे हैं। NDRF टीम कमांडर अमृत लाल मीना ने बताया कि जब बचाव दल मौके पर पहुंचा तो सुरंग में भारी मात्रा में पानी घुस चुका था और किनारों से भी पानी रिस रहा था।
बचाव अभियान अभी भी जारी
मीना ने गुरुवार को बताया, “हमारी टीम के पहुंचने और बचाव अभियान शुरू करने के बाद, सुरंग के अंदर भारी मात्रा में पानी भरा हुआ था। तब से जलस्तर काफी बढ़ गया है। हमारे कर्मियों ने विशेष उपकरणों का उपयोग करते हुए अब तक पानी से चार शव बरामद किए हैं। बचाव अभियान अभी भी जारी है और सभी को सुरक्षित निकाल लिए जाने तक चलता रहेगा।”
दुर्घटना के समय सुरंग के अंदर लगभग 25 से 28 मजदूर मौजूद
THDC के कार्यकारी निदेशक कुमार शरद ने बताया कि दुर्घटना के समय सुरंग के अंदर लगभग 25 से 28 मजदूर मौजूद थे। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई थीं और अब तक 18 मजदूरों को बचाकर इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि बचाए गए मजदूरों में से तीन से चार की हालत गंभीर है। (इनपुटः ANI)
यह भी पढ़ेंः जम्मू-कश्मीर: 1991 के रेलवे स्टेशन विस्फोट मामले में फरार आरोपी 35 साल बाद गिरफ्तार