सिंगरौली जिला अस्पताल में प्रबंधन और प्रभारियों की

सिंगरौली जिला अस्पताल में भारी अव्यवस्था: खराब पंखे और एसी के बीच फर्श पर लेटने को मजबूर मरीज

जिला अस्पताल, सिंगरौली

सिंगरौली (मध्य प्रदेश)। ​जिला अस्पताल में अव्यवस्थाएं सुधरने का नाम नहीं ले रही हैं। सिविल सर्जन के प्रयासों के बावजूद प्रभारियों और अस्पताल प्रबंधन का सहयोग न मिलने के कारण मरीजों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि अस्पताल के द्वितीय तल पर आईसीयू के सामने स्थित मेल मेडिसिन वार्ड में चार पंखे खराब पड़े हैं। इसके कारण आसपास के आधा दर्जन मरीज उमसभरी गर्मी में बेहाल हैं। पंखों के अभाव और एसी की खराबी की स्थिति फीमेल मेडिसिन वार्ड-3 और 4 में भी देखी गई।

​ज़मीन पर बिछाए जा रहे बेड

फीमेल मेडिसिन वार्ड-3 में सभी बेड फुल होने की वजह से नए मरीजों को मजबूरी में फर्श पर गद्दे और बेड बिछाकर भर्ती करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, इसके सामने स्थित बरामदे में भी पांच मरीजों के बेड फर्श पर लगाए गए हैं। आईसीयू के सामने स्थित मेल मेडिसिन वार्ड में एक एसी का स्विच वायर जलने के कारण निकला हुआ था, जिससे एसी बंद पड़ा रहा। कमोबेश यही स्थिति चिल्ड्रन वार्ड से लेकर अन्य कई वार्डों में भी देखने को मिल रही है।

​शौचालय में दुर्गंध, परिजनों की बढ़ी परेशानी

मेल मेडिकल-2 वार्ड में भर्ती मरीजों ने पंखों की खराबी और धीरे चलने से हो रही परेशानी को बयां किया। मरीजों का कहना है कि वार्ड के शौचालय की नियमित सफाई न होने से उठती दुर्गंध के कारण वहां जाना मुश्किल हो जाता है। गंभीर व बुजुर्ग मरीजों को टॉयलेट तक जाने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है, जिससे उनके तीमारदारों व परिजनों की दिक्कतें बढ़ गई हैं।

​नर्सिंग ड्यूटी में लापरवाही: कमरे में ताला लगाकर चली गईं नर्स

प्रथम तल पर कक्ष संख्या 62 में संचालित चिल्ड्रन वार्ड में दिन के समय नर्सिंग स्टेशन पर करीब 25 मिनट तक ताला बंद रहा। जांच में सामने आया कि ड्यूटी पर तैनात नर्स अगली शिफ्ट की नर्स के आने से पहले ही कमरे में ताला बंद कर चली गईं, जो ड्यूटी नियमों का सीधा उल्लंघन है।

​रोस्टर का पालन नहीं कर रहे जेआर और एसआर

अस्पताल के आईसीयू में मेडिकल कॉलेज के जूनियर रेजिडेंट (JR) और सीनियर रेजिडेंट (SR) डॉक्टरों की ड्यूटी का रोस्टर निर्धारित किया गया है, अस्पताल प्रबंधन ने लापरवाही पर कार्यवाही करने की बात कही है। 

यह भी पढ़ेंः मधुबनी में कृष्णाष्टमी पर ननिहाल आए 6 वर्षीय बच्चे की हत्या, बोरे में बंद मिला शव; मामी पर आरोप