इटावा में अज्ञात वाहन की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुआ ट्रक, चालक समेत चार लोग घायल
इटावा (उत्तर प्रदेश)। इकदिल कस्बे के ओवरब्रिज पर रविवार सुबह एक अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक चालक, दो मजदूर समेत चार लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक की केबिन के परखच्चे उड़ गए और चालक करीब एक घंटे तक उसी में फंसा तड़पता रहा।
राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिसकर्मियों और राहगीरों ने कड़ी मशक्कत कर क्षतिग्रस्त केबिन को खोलकर चालक को बाहर निकाला। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला जा सका। हादसे में घायल अन्य लोग भी मदद के लिए परेशान नजर आए।
काफी देर तक किया एंबुलेंस का इंतजार
बताया गया कि हादसे के बाद घायलों को एंबुलेंस का इंतजार करना पड़ा। काफी देर तक एंबुलेंस नहीं पहुंचने पर घायल सड़क किनारे बैठकर उसका इंतजार करते रहे। आखिरकार पुलिस ने हाईवे-5 की गाड़ी की मदद से सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया।
आपातकालीन एंबुलेंस सेवा की व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना ने एक बार फिर आपातकालीन एंबुलेंस सेवा की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकार की ओर से हादसों में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाता है, लेकिन मौके पर एंबुलेंस के समय से नहीं पहुंचने का आरोप सामने आया है। हालांकि एंबुलेंस के न पहुंचने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश और हादसे की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ेंः मंदसौर में मजदूरों से भरी ट्रॉली को ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर, दो की मौत, 15 से अधिक घायल