शाजापुर: ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती से आक्रोशित किसानों और ग्रामीणों ने विद्युत कार्यालय का किया घेराव
शाजापुर (मध्य प्रदेश)। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से परेशान किसानों और ग्रामीणों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने सलसलाई स्थित विद्युत कार्यालय का घेराव कर धरना दिया। इस दौरान ऊर्जा मंत्री हाय-हाय और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो स्टेट हाईवे-41 पर चक्काजाम किया जाएगा।
कई बार सुबह से शाम तक हर आधे घंटे में बिजली गुल
ग्रामीणों का आरोप है, कि विद्युत वितरण कंपनी कभी लोड शेडिंग, कभी मेंटेनेंस तो कभी तकनीकी खराबी के नाम पर घंटों बिजली बंद कर देती है। कई बार सुबह से शाम तक हर आधे घंटे में बिजली गुल होने से लोगों के जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रदेश सरकार 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का दावा करती है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति इसके विपरीत है। बिना पूर्व सूचना के बिजली बंद होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हर आधे घंटे में बिजली गुल, लोग परेशान
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बिजली की अनियमित आपूर्ति से घरों में पंखे, कूलर और अन्य उपकरण बंद हो जाते हैं। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं बुजुर्गों और बीमार लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। छोटे व्यवसायों पर भी कटौती का असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि नियमित बिजली बिल चुकाने के बावजूद उन्हें सुचारु आपूर्ति क्यों नहीं मिल रही है।
बिजली बंद करना जरूरी है तो विभाग को पहले सूचना दे
ग्रामीणों का कहना है कि यदि मेंटेनेंस के लिए बिजली बंद करना जरूरी है तो विभाग को पहले सूचना देनी चाहिए। बार-बार कटौती होने से लोग अपने जरूरी काम समय पर नहीं कर पा रहे हैं। शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
सिंचाई प्रभावित, किसानों की बढ़ी चिंता
बिजली कटौती से किसानों की मुश्किलें भी बढ़ रही हैं। अनियमित आपूर्ति के कारण सिंचाई सहित कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। किसानों का कहना है कि बिजली मिलने का निश्चित समय नहीं होने से खेतों में काम की योजना बनाना मुश्किल हो रहा है।
यह भी पढ़ेंः बरेली: मीरगंज क्षेत्र में रामगंगा नदी में डूबे युवक का शव 30 घंटे बाद बरामद, परिवार में मचा कोहराम