शाजापुर में खेत के रास्ते को लेकर दो पक्ष भिड़े, लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले; 8 घायल
शाजापुर | मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में खेत के रास्ते को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने की बात सामने आई है। घटना में दो महिलाओं समेत कुल 8 लोग घायल हुए हैं।
खेत से निकलने को लेकर शुरू हुआ विवाद
मामला अवंतीपुर बड़ोदिया थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुरा का है। बताया जा रहा है कि खेत के रास्ते से निकलने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। झड़प के दौरान दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने की बात कही जा रही है। घटना में करीब 6 पुरुष और 2 महिलाएं घायल हुई हैं। मारपीट के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें शाजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां सभी घायलों का इलाज जारी है।
पीड़ित ने लगाया हमला करने का आरोप
पीड़ित अनीश खां ने बताया कि खेत से निकलने की बात को लेकर विवाद हुआ था। उनके अनुसार, कुछ लोग वहां आए और उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। उन्होंने बताया कि घटना में उनके परिवार के करीब 8 लोग घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही अवंतीपुर बड़ोदिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी बृजेश पाठक ने बताया कि लालपुरा गांव में रास्ते को लेकर दो पक्षों में विवाद की सूचना मिली थी। विवाद में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में बारिश और बदलते मौसम से बढ़ीं मौसमी बीमारियां, अस्पताल में मरीजों की भीड़