शाजापुर पुलिस का बड़ा एक्शन, कॉम्बिंग गश्त में 48 स्थायी वारंटी समेत कई अपराधी गिरफ्तार
शाजापुर,(मध्य प्रदेश)। जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शाजापुर पुलिस द्वारा एक बड़ा और प्रभावी विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री घनश्याम मालवीय के मार्गदर्शन में दिनांक 19-20 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि को जिलेभर में व्यापक स्तर पर 'कॉम्बिंग गश्त' अभियान संचालित किया गया, जिससे अपराधियों में हड़कंप मच गया।
सभी टीमों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
इस विशेष अभियान में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों सहित 300 से अधिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से मैदान में उतरकर मोर्चा संभाला। गश्त पर रवाना होने से पूर्व पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं ब्रीफिंग प्रदान की गई थी। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं विभिन्न थाना क्षेत्रों का भ्रमण कर पूरी रात अभियान की निगरानी की और पुलिस टीमों का मार्गदर्शन किया।
अभियान के दौरान बड़ी सफलताएं लगीं पुलिस के हाथ
रातभर चले इस सघन अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलताएं हाथ लगीं। थाना लालघाटी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए जिला बदर (तड़ीपार) आरोपी अजहर पिता मुस्ताद खा (उम्र 28 साल, निवासी ज्योति नगर, शाजापुर) को शाजापुर बस स्टैंड से गिरफ्तार किया, जो जिला बदर के आदेश का उल्लंघन कर क्षेत्र में घूम रहा था। इसके साथ ही शाजापुर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 48 स्थायी वारंटियों और 1 फरार वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की, जबकि 102 गिरफ्तारी वारंट तामील कराए गए।
संवेदनशील स्थलों पर भी विशेष सतर्कता एवं निगरानी
कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए 06 जिला बदर अपराधियों का मौके पर जाकर सत्यापन व जांच की गई तथा 68 गुंडा बदमाशों एवं 94 निगरानीशुदा बदमाशों के निवास एवं संभावित ठिकानों पर पहुंचकर उनकी सघन चेकिंग की गई। पुलिस टीमों ने इस दौरान आबकारी अधिनियम के तहत 05 प्रकरण दर्ज किए और सुरक्षा के लिहाज से जिले के 35 होटल, लॉज, ढाबों एवं धर्मशालाओं की सघन जांच की। रात के समय बैंक, एटीएम एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर भी विशेष सतर्कता एवं निगरानी रखी गई। कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने सक्रिय अपराधियों और जेल से रिहा हुए बदमाशों की गतिविधियों का बारीकी से सत्यापन किया।
यह भी पढ़ेंः फीफा विश्व कप 2026 फाइनल में शकीरा का जलवा, यादगार परफॉर्मेंस के बाद जताया आभार