शाजापुर में साढ़े सात घंटे के प्रदर्शन के बाद सुंदरसी थाना प्रभारी बदले
शाजापुर (मध्य प्रदेश)। जिले के सुंदरसी थाना क्षेत्र में साढ़े सात घंटे चले प्रदर्शन के बाद पुलिस विभाग ने थाना प्रभारी को बदल दिया है। शाजापुर जिले के सुंदरसी में हिंदू संगठनों, ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने यह प्रदर्शन किया था। जिला पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने सोमवार देर रात 10 अगस्त को आदेश जारी कर यह बदलाव किया।
मनीषा शर्मा को मोहन बड़ोदिया, केशर बाई राजपूत को सुंदरसी की कमान
आदेश के अनुसार, सुंदरसी थाना प्रभारी निरीक्षक मनीषा शर्मा को तत्काल प्रभाव से मोहन बड़ोदिया थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, रक्षित केंद्र शाजापुर से केशर बाई राजपूत को सुंदरसी का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
माधोपुर-सकराई विवाद के बाद बढ़ी थी ग्रामीणों और हिंदू संगठनों की नाराजगी
यह पूरा मामला सुंदरसी थाना क्षेत्र के माधोपुर और सकराई गांव के बीच शनिवार रात 8 से 9 बजे के करीब हुए विवाद से जुड़ा है। विवाद के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे थे। पुलिस ने उसी रात दोनों पक्षों का मेडिकल कराया और उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किए।पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर हिंदू संगठनों और ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई थी। उन्होंने थाना प्रभारी को हटाने की मांग को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया।
धरने के बाद पुलिस ने किया थाना प्रभारी का तबादला
रविवार दोपहर करीब 1 बजे हिंदू संगठनों, ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुंदरसी थाने के सामने सड़क पर बैठकर धरना प्रदर्शन शुरू किया। यह प्रदर्शन लगभग साढ़े सात घंटे तक चला। इस पर शाजापुर विधायक अरुण भीमावत और भाजपा जिला अध्यक्ष रवि पांडे भी मौके पर पहुंचे थे जहां प्रदर्शनकारियों को आश्वासन देकर धरना समाप्त करवाया था मामले में सोमवार को देर शाम शाजापुर पुलिस अधीक्षक ने आदेश जारी करते हुए सुंदरसी थाना प्रभारी का मोहन बड़ोदिया ट्रांसफर किया वहीं अब उनकी जगह टी आई केसर राजपूत को सुंदरसी थाने प्रभार दिया गया है ।
यह भी पढ़े: हथियार दिखाकर कार लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, CCTV से खुला राज