प्रयागराज माघ मेले में शंकराचार्य का धरना, पुलिस-प्रशासन से की सम्मानजनक व्यवहार की मांग
प्रयागराज। प्रयागराज माघ मेले के दौरान शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने अपने शिविर में पहुंचकर धरना शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि जब तक पुलिस-प्रशासन उन्हें सम्मानपूर्वक लेने नहीं आएगा, तब तक वे गंगा स्नान नहीं करेंगे। इस पूरे घटनाक्रम से माघ मेले में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
रथ को रोके जाने पर शंकराचार्य के शिष्य हुए थे आक्रोशित
जानकारी के मुताबिक, इससे पहले पुलिस द्वारा रथ को रोके जाने पर शंकराचार्य के शिष्य आक्रोशित हो गए थे। शिष्यों का आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट भी की। इसी के विरोध में शंकराचार्य बिना स्नान किए ही वापस लौट आए और बाद में शिविर में धरने पर बैठ गए।
VIP स्नान पर पूरी तरह था प्रतिबंध
वहीं, इस मामले पर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि VIP स्नान पर पूरी तरह प्रतिबंध था, इसके बावजूद शंकराचार्य करीब 200 शिष्यों के साथ रथ और पालकी लेकर बैरिकेड्स तोड़ते हुए आगे बढ़े। पुलिस ने उन्हें संगम नोज पर जाने से रोका क्योंकि वहां पैर रखने तक की जगह नहीं थी। कमिश्नर के अनुसार, इस वजह से करीब तीन घंटे तक अव्यवस्था की स्थिति बनी रही। उन्होंने बताया कि पूरे मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/indias-foreign-exchange-reserves-increased-by-392-million/105364