शिवपुरी में पुराने पाइपों में आग लगाने का आरोप, पर्यावरण संरक्षण पर उठे सवाल
शिवपुरी (मध्य प्रदेश)। पर्यावरण संरक्षण के लिए राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशों का पालन करने में शिवपुरी नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मड़ीखेड़ा डैम से शिवपुरी शहर तक पानी पहुंचाने वाली सिंध जलावर्धन योजना के पुराने पाइपों को लेकर विवाद सामने आया है। आरोप है कि माधव टाइगर रिजर्व और आसपास के क्षेत्रों से हटाए गए पुराने पाइपों को सुरक्षित रखने के बजाय आग के हवाले कर दिया गया।
आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड को बुलाना पड़ा
पाइपों में आग लगने के बाद उठे काले धुएं के घने गुबार ने आसपास के इलाके में लोगों की चिंता बढ़ा दी। स्थिति बिगड़ने पर आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड को बुलाना पड़ा। सिंध जलावर्धन योजना के तहत पुरानी पाइपलाइन बदले जाने के बाद ग्लास रीनफोर्स्ड प्लास्टिक (जीआरपी) के पुराने पाइपों को सड़क किनारे, खेतों और माधव टाइगर रिजर्व के आसपास फेंके जाने की बात सामने आई थी। इससे पर्यावरण और वन क्षेत्र में कचरे के निस्तारण को लेकर सवाल उठे।
पाइप को हटाने के बजाय जलाया
मामले में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी), भोपाल की ओर से पुराने पाइपों और मलबे को हटाने के निर्देश दिए जाने की जानकारी सामने आई थी। बताया गया कि नगर पालिका को निर्धारित समय में पाइपों को हटाने के लिए कहा गया था। लेकिन अब सवाल यह उठ रहा है कि जब इन पाइपों को हटाने की कार्रवाई शुरू हुई, तो उनके सुरक्षित भंडारण और नियमानुसार निस्तारण की व्यवस्था क्यों नहीं की गई?
ट्रेंचिंग ग्राउंड के बाहर जमा किए, फिर आग लगाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, पुराने पाइपों को जंगल से हटाकर ट्रेंचिंग ग्राउंड के बाहर एकत्रित किया गया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कर्मचारियों ने इन पाइपों में आग लगा दी, जिससे काले धुएं का घना गुबार उठने लगा। आग बढ़ने पर उसे बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड बुलानी पड़ी। यदि पाइपों को जानबूझकर जलाया गया है, तो यह सवाल जांच का विषय है कि ऐसा किसके निर्देश पर किया गया और पर्यावरणीय नियमों का पालन क्यों नहीं हुआ।
सीएमओ का बयान- पाइप सुरक्षित रखने के निर्देश दिए थे
मामले पर नगर पालिका सीएमओ यशवंत राठौर ने कहा कि पाइपों को सुरक्षित स्टोर करके रखने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि अब आग किसने लगाई और क्यों लगाई, यह तो मैं दिखवाता हूं।
यह भी पढ़ें: डीडवाना-कुचामन में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, बिना नंबर की इनोवा से 2,640 पव्वे बरामद