मुरैना में पैसे मांगने पर किराना दुकानदार पर फायरिंग, गोली लगने से घायल
मुरैना (मध्य प्रदेश)। सिकरौदा क्षेत्र के बड़ी नहर चौराहे पर किराना दुकान से सिगरेट और कोल्ड्रिंक लेने के बाद पैसे मांगना दुकानदार को भारी पड़ गया। आरोप है कि दो बाइकों पर सवार होकर आए पांच बदमाशों ने पहले दुकानदार से गाली-गलौज की और विरोध करने पर दुकान पर फायरिंग कर दी। गोलीबारी में दुकानदार घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपियों के मौके से फरार होने की बात सामने आई है।
पैसे मांगने से ग्राहक हुए नाराज
घटना बड़ी नहर चौराहे पर गोवर्धन होटल के सामने स्थित किराना दुकान की बताई जा रही है। घायल गीता राम गुर्जर उर्फ सिर मोहर सिंह (34), निवासी बड़ी नहर चौराहा सिकरौदा, ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि कुछ युवक दुकान पर आए थे। उन्होंने सिगरेट और कोल्ड्रिंक सहित अन्य सामान लिया। सामान देने के बाद जब उसने ग्राहकों से पैसे मांगे तो आरोपी कथित तौर पर नाराज हो गए और उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
गाली-गलौज करने से मना किया तो विवाद और बढ़ा
दुकानदार के मुताबिक उसने जब बिना पैसे दिए सामान ले जाने का विरोध किया और गाली-गलौज करने से मना किया तो विवाद और बढ़ गया। इसी दौरान आरोपियों में से एक ने कथित तौर पर हथियार निकाल लिया और दुकान की तरफ फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान गीता राम गुर्जर गोली लगने से घायल हो गया।
आसपास के लोगों ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया
घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने घायल से घटना को लेकर पूछताछ की। पूछताछ में घायल ने बताया कि वह आरोपियों में से एक को चेहरे से पहचानता है, जिससे पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही घटना के समय मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद केवल सामान के पैसे मांगने को लेकर हुआ था या इसके पीछे कोई पुराना विवाद भी था।
दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल
दिनदहाड़े दुकान पर फायरिंग की घटना से बड़ी नहर चौराहे के आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
यह भी पढ़ेंः जौनपुर में बिजली के खंभे पर काम करते समय करंट की चपेट में आया युवक, मौत