96.83% अंक लाने वाली श्रद्धा पांडेय बनीं एक दिन की डीएम
सिद्धार्थनगर: जिले में मेधावी बेटियों को प्रोत्साहित करने और उनके सपनों को पंख देने के उद्देश्य से एक अनूठी पहल देखने को मिली। यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा-2026 में 600 में 581 अंक (96.83%) प्राप्त कर प्रदेश में छठा स्थान हासिल करने वाली रघुवर प्रसाद जायसवाल सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज (तेतरी बाजार) की छात्रा और ग्राम पचहरी निवासी श्रद्धा पांडेय को सांकेतिक रूप से एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया।
मेधावी छात्रा श्रद्धा पांडेय बनीं एक दिन की डीएम
कलेक्ट्रेट पहुंचने पर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने श्रद्धा पांडेय को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और उन्हें डीएम की कुर्सी सौंपी। पदभार संभालते ही 'एक दिन की डीएम' ने जनसुनवाई के दौरान एक फरियादी की शिकायत को अत्यंत गंभीरता से सुना और तत्काल उपजिलाधिकारी बांसी को दूरभाष पर आवश्यक कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए। मेधावी छात्रा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उनका सपना आगे चलकर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में जाकर देश और समाज की सेवा करना है। इस प्रेरणादायक अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय सिंह सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें- प्रदर्शनों की कवरेज के लिए पीसीआई ने जारी किए नए सुरक्षा दिशानिर्देश