नाश्ते पर डीके शिवकुमार से मिले सिद्धारमैया, कर्नाटक में सुलह के प्रयास तेज
Bengaluru : कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मंगलवार को नाश्ते पर डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार से मुलाकात की। इसे लेकर अटकलबाजी के बीच जी परमेश्वर कहा कि आदमी की अपनी-अपनी महत्वाकांक्षा होती है, वे उचित समय पर व्यक्त करेंगे। सिद्धरमैया आज डीके शिवकुमार के आवास पर पहुंचे।
वहां उनका स्वागत उपमुख्यमंत्री और उनके भाई पूर्व सांसद डीके सुरेश ने किया। वहां दोनों नेताओं के बीच नाश्ते पर चर्चा हुई। डीके शिवकुमार के कार्यालय ने दोनों नेताओं की तस्वीर जारी की है, जिसमें दोनों नेता चर्चा करते नजर आ रहे हैं। मुलाकात के बाद डीके शिवकुमार ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, आज मैंने अपने घर पर माननीय मुख्यमंत्री को नाश्ते पर बुलाया, क्योंकि हम कांग्रेस के विजन के तहत सुशासन और राज्य के लगातार विकास के लिए समर्पित हैं।
पार्टी आलाकमान करेगा फैसला
नाश्ते के बाद सीएम सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने मीडिया से बात की। इस बातचीत के दौरान सीएम से सवाल किया गया कि डीके शिवकुमार कब मुख्यमंत्री बनेंगे? इस पर सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि 'जब पार्टी आलाकमान कहेगा।' सीएम सिद्धारमैया ने कहा, 'आज, डीके शिवकुमार ने मुझे नाश्ते पर बुलाया। मैं आने के लिए मान गया।
आज, हम दोनों ने नाश्ता किया, और डीके सुरेश भी मौजूद रहे। नाश्ते के बाद हमने विधानसभा सत्र पर चर्चा की। यह तय हुआ कि हमें आठ दिसंबर को सांसदों की बैठक बुलानी चाहिए। हम किसानों के मुद्दों और राज्य के दूसरे मुद्दों पर चर्चा करेंगे। हम दोनों हाईकमान, खासकर राहुल, सोनिया, प्रियंका और मल्लिकार्जुन खरगे के बताए गए कारण को मानेंगे, अगर वे (पार्टी हाईकमान) हमें (दिल्ली) बुलाते हैं, तो हम जरूर जाएंगे। कल मैं केसी वेणुगोपाल से एक कार्यक्रम में मिलूंगा जहां हम दोनों को बुलाया गया है।'
गृहमंत्री बोले - सबकुछ शांतिपूर्वक चल रहा है
कर्नाटक के गृहमंत्री जी परमेश्वर ने दोनों नेताओं की मुलाकात पर कहा, ये अच्छी बात है कि हमारे दोनों नेता फिर से नाश्ते पर मुलाकात कर रहे हैं। हम बस ये चाहते हैं कि पिछले महीने भर से जो कुछ हो रहा है, उसका शांतिपूर्वक समझौता हो जाए। पार्टी आलाकमान की सलाह पर दोनों दूसरी बार मिल रहे हैं। सभी मुद्दे सुलझ जाएंगे। सिद्धारमैया ने शिवकुमार से बात की थी और अब शिवकुमार ने सिद्धारमैया को बुलाया है। सबकुछ शांतिपूर्वक हो रहा है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/jyotiraditya-scindia-said-about-the-sanchar-saathi-app/99562