सिक्किम में गुरुवार देर रात भारी बारिश के बाद लैंड

सिक्किम में लैंडस्लाइड से भारी तबाही, कई घर क्षतिग्रस्त; गांव की ओर बहता दिखा मलबा, VIDEO आया सामने

Sikkim: Landslide Causes Massive Destruction, Debris Flows Toward Village

सिक्किम: सिक्किम में गुरुवार देर रात भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड की घटना सामने आई है। पश्चिम सिक्किम के युक्सोम-ताशिदिंग क्षेत्र के रिंबी गांव में पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा नीचे की ओर बहकर गांव तक पहुंच गया। लैंडस्लाइड की चपेट में आने से कई घरों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

पहाड़ी से तेजी से नीचे आया मलबा

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर रात हुई भारी बारिश के बाद रिंबी गांव के कुछ हिस्सों में अचानक लैंडस्लाइड हो गया। इसके बाद चट्टानें, मिट्टी और मलबा पहाड़ी से तेजी से नीचे की ओर बहने लगा। मलबा गांव की तरफ आने से इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और कई घर इसकी चपेट में आ गए।

लैंडस्लाइड का वीडियो आया सामने

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पहाड़ी से भारी मात्रा में मिट्टी और मलबा नीचे की ओर बहता दिखाई दे रहा है। इसमें कीचड़, पत्थर और चट्टानों के साथ मलबा गांव की तरफ बढ़ता नजर आ रहा है। लैंडस्लाइड के कारण कई घरों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है। लगातार बारिश के चलते आसपास के घरों, संपत्ति और सड़क संपर्क पर खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

पहले भी लैंडस्लाइड से प्रभावित हुआ था इलाका

इससे पहले भी लैंडस्लाइड के कारण रिंबी को खेचोपालरी से जोड़ने वाली सड़क का एक हिस्सा बह गया था। सरकार की ओर से जारी बयान के अनुसार, सिक्किम सरकार ने मानसून के दौरान खराब हुई सड़कों की राज्यव्यापी जांच शुरू की थी। अधिकारियों को प्रभावित इलाकों में सड़क संपर्क जल्द बहाल करने के निर्देश दिए गए थे। सड़क और पुल मंत्री एनबी दहाल ने युक्सम-ताशीडिंग निर्वाचन क्षेत्र में रिंबी और आसपास के इलाकों की सड़कों का निरीक्षण कर नुकसान और सुरक्षा जोखिमों का जायजा लिया था।

सरकार ने मरम्मत तेज करने के दिए निर्देश

लैंडस्लाइड के कारण रिंबी को खेचोपालरी से जोड़ने वाली सड़क का बड़ा हिस्सा बह गया था। सरकार के बयान के मुताबिक, मंत्री ने अधिकारियों को मंगलवार से रिंबी में मरम्मत का काम शुरू करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने नेशनल हाईवेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHIDCL) के अधिकारियों और ठेकेदारों को मरम्मत कार्य में तेजी लाने और यात्रियों को होने वाली परेशानी कम करने के निर्देश भी दिए थे।

ये भी पढ़ें: मणिपुर में चार लोगों की हत्या की सूचना, पुलिस ने भेजी टीम