उमरिया के पाली थाना क्षेत्र स्थित बम्लेश्वरी माता

उमरिया के मंदिर में चोरी, बम्लेश्वरी माता की प्रतिमा से चांदी का मुकुट और छत्र गायब

Silver Crown and Canopy Stolen From Bamleshwari Mata Temple in Umaria

उमरिया,(मध्य प्रदेश)। जिले के पाली थाना क्षेत्र में स्थित बम्लेश्वरी माता मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर में स्थापित माता की प्रतिमा पर चढ़े चांदी के मुकुट और चांदी के छत्र को चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में आस्था से जुड़े लोगों में नाराजगी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रात लगभग 9:30 बजे की घटना 

पुलिस के अनुसार वार्ड क्रमांक 14 दफाई मोहल्ला, पाली निवासी 33 वर्षीय अजय कुमार मिश्रा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। अजय कुमार मिश्रा ठेकेदारी का कार्य करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके घर के सामने बम्लेश्वरी माता का मंदिर स्थित है, जहां वे प्रतिदिन सुबह और शाम नियमित रूप से पूजा-अर्चना करते हैं। शिकायत के मुताबिक बीती रात करीब 8 बजे वह पूजा करने के बाद अपने घर लौट आए थे। इसके बाद रात लगभग 9:30 बजे उनके पिता चन्द्रिका प्रसाद मिश्रा मंदिर के पट बंद करने और ताला लगाने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने देखा कि माता की प्रतिमा पर चढ़ा चांदी का मुकुट और चांदी का छत्र अपनी जगह पर नहीं था। इसकी जानकारी तत्काल परिवार के अन्य सदस्यों को दी गई।

चोरी किए गए सामान का कोई सुराग नहीं

अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि उन्होंने पहले अपने स्तर पर आसपास और परिचित लोगों से जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन चोरी किए गए सामान का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पाली थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार चोरी गया चांदी का मुकुट लगभग 620 ग्राम वजनी है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 23 हजार रुपये बताई गई है। वहीं चांदी का छत्र करीब 256 ग्राम वजनी है, जिसकी कीमत लगभग 11 हजार रुपये है। दोनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 34 हजार रुपये आंकी गई है।

अज्ञात चोर के खिलाफ प्रकरण दर्ज

फरियादी ने पुलिस को बताया कि यदि चोरी गया सामान या आरोपी सामने आता है तो वह उसकी पहचान कर सकता है। शिकायत के आधार पर पाली थाना पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। धार्मिक स्थल में हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय लोग चिंतित हैं। लोगों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर चोरी गए धार्मिक आभूषण बरामद करने की मांग की है। 

यह भी पढ़ें: मैहर में दर्दनाक रेल हादसा, चलती ट्रेन से गिरकर युवक के कटे दोनों पैर