कारखाने में दो कारीगर काम करते हैं और वहीं रहते भी

उत्तर प्रदेश: कानपुर के चकेरी में चांदी प्रोसेसिंग कारखाने से 45 लाख की चोरी

सीसीटी वी में कैद चोर , दांए जाता हुआ दिख रहा है।

कानपुर। थाना चकेरी अंतर्गत पोखरपुर स्थित पवन दाल मिल परिसर में संचालित चांदी प्रोसेसिंग कारखाने में 45 लाख रुपये की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चोर 18 किलो चांदी का पाउडर चोरी कर फरार हो गया। वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित कारोबारी नितिन टोपे मूल रूप से महाराष्ट्र के निवासी हैं और वर्तमान में नौबस्ता में रहते हैं। उन्होंने बताया कि वे पिछले दो वर्षों से पोखरपुर में कारखाना संचालित कर रहे हैं, जहाँ नया गंज स्थित स्वास्तिक टेंच ज्वैलरी के लिए चांदी को रिफाइंड कर पक्की चांदी बनाने का काम होता है। नितिन के अनुसार, रोज की तरह कारखाना बंद कर वे घर चले गए थे। रात के समय एक चोर छत में बने होल के रास्ते पिलर में रस्सी बांधकर नीचे उतरा और अंदर रखा 18 किलो चांदी पाउडर का लड्डू लेकर पीछे के रास्ते से फरार हो गया। कारखाने में दो कारीगर काम करते हैं और वहीं रहते भी हैं। घटना के दौरान उन्हें आहट तो लगी, लेकिन डर के कारण वे बाहर नहीं निकले। चोर के जाने के बाद उन्होंने मालिक को सूचना दी। घटना की जानकारी पर ऑल इंडिया ज्वैलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि नितिन टोपे पुरानी चांदी को रिफाइंड करने का काम करते हैं। सूचना मिलते ही चकेरी पुलिस के साथ एसीपी आशुतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। एसीपी ने बताया कि आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और खुलासे के लिए दो टीमों का गठन किया गया है, जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।

इसे भी पढ़ेंः   गाजीपुर में कांग्रेस सांसद के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन