सिंगरौली में 108 एंबुलेंस सेवा के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर बर्खास्त, 2 हजार की रिश्वत का आरोप
सिंगरौली (मध्य प्रदेश)। सिंगरौली में 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़ा रिश्वतखोरी का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। एंबुलेंस चालक से 2 हजार रुपये की कथित रिश्वत मांगने और ऑनलाइन भुगतान कराने के आरोप में 108 सेवा के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर विपिन गिरी को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि रिश्वत की रकम उनकी पत्नी के PhonePe खाते में ट्रांसफर कराई गई थी। लेनदेन का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भोपाल मुख्यालय ने मामले में कार्रवाई करते हुए उनकी सेवाएं समाप्त कर दीं।
एंबुलेंस चालक से 2 हजार रुपये की अवैध मांग का आरोप
यह पूरा मामला एक एंबुलेंस चालक से 2 हजार रुपए की रिश्वत मांगने और लेने से जुड़ा है। आरोप है कि डिस्ट्रिक्ट मैनेजर विपिन गिरी ने एंबुलेंस चालक से काम के सिलसिले में 2 हजार रुपए की अवैध मांग की थी। पैसे सीधे अपने खाते में न मंगवाकर, उन्होंने एंबुलेंस चालक को अपनी पत्नी निशा गिरी का 'फोन पे' (PhonePe) नंबर दिया और उसी में 2 हजार रुपए की राशि ट्रांसफर करवाई।
रिश्वत के ऑनलाइन लेनदेन का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल
घूस देने के बाद एंबुलेंस चालक ने इस ऑनलाइन लेनदेन का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। स्क्रीनशॉट सामने आते ही स्वास्थ्य विभाग और एंबुलेंस संचालन एजेंसी के गलियारों में हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर रिश्वत के साक्ष्य सार्वजनिक होने के बाद 108 एंबुलेंस सेवा की छवि पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे थे।
डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच, डिस्ट्रिक्ट मैनेजर बर्खास्त
मामले की गंभीरता को देखते हुए 108 इमरजेंसी सेवा के भोपाल मुख्यालय ने तुरंत संज्ञान लिया। प्राथमिक जांच और स्क्रीनशॉट के डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोप सही पाए जाने पर भोपाल मुख्यालय से वरिष्ठ अधिकारियों ने कड़ा रुख अपनाया और डिस्ट्रिक्ट मैनेजर विपिन गिरी की सेवाओं को समाप्त करते हुए उन्हें बर्खास्तगी का फरमान जारी कर दिया।
भ्रष्टाचार और कर्मचारियों के शोषण पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
मुख्यालय के इस सख्त कदम से महकमे में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि आपातकालीन सेवाओं में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार या कर्मचारियों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़े: सोशल मीडिया पर स्टंटबाजी और दबंगई दिखाना पड़ा भारी, युवक हिरासत में