सिंगरौली बैंक ऑफ महाराष्ट्र डकैती में बड़ी सफलता, साजिशकर्ता राहुल राज बिहार से गिरफ्तार
सिंगरौली (मध्य प्रदेश)। जिले स्थित ‘बैंक ऑफ महाराष्ट्र’ में 17 अप्रैल 2026 को हुई डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डकैती की साजिश रचने और लूटा गया माल ठिकाने लगाने में शामिल एक और आरोपी को पुलिस टीम ने बिहार के जहानाबाद जिले से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी राहुल राज (34 वर्ष), पिता उपेंद्र सिंह बघेल, ग्राम इमलिया, थाना पाली (जहानाबाद, बिहार) का रहने वाला है।
साजिश रचने और माल ठिकाने लगाने में थी अहम भूमिका
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, आईजी गौरव राजपूत व डीआईजी हेमंत सिंह चौहान के निर्देशन तथा एसपी पियाज के.एम. के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने यह अंतरराज्यीय कार्रवाई की। एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा और सीएसपी ललित बैरागी के नेतृत्व में पुलिस ने जहानाबाद से राहुल राज को धर दबोचा। जांच में सामने आया कि आरोपी राहुल राज डकैती के मुख्य सरगना पीयूष जायसवाल, विक्की कुमार और डकैती को अंजाम देने वाले फंटूस, कमलेश, पंकज, राजेश और छोटू के संपर्क में था। वह न केवल डकैती की पूरी योजना का हिस्सा था, बल्कि वारदात के बाद माल ठिकाने लगवाने का काम भी संभाल रहा था।
तीन दिन की पुलिस रिमांड मंजूर
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टाटा नेक्सॉन कार (BR11AR7756), एक ओप्पो मोबाइल और ₹46,000 नगद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस को 03 दिन का रिमांड मिला है। रिमांड के दौरान उससे कड़ाई से पूछताछ कर अन्य फरार आरोपियों और बाकी की संपत्ति की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।