सिंगरौली में रफ्तार का कहर, बाइक सवार को बस ने मारी जोरदार टक्कर; हादसे के बाद कई किमी लगा लंबा जाम
सिंगरौली {मध्यप्रदेश}: कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कॉलेज मोड़ के पास एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही का जानलेवा मंजर देखने को मिला है। बुधवार को मुख्य मार्ग पर अनियंत्रित गति से दौड़ रही रिद्धि-सिद्धि ट्रेवल्स की एक बस ने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर लगते ही बाइक चालक उछलकर सड़क पर जा गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं।
टक्कर के बाद बस के नीचे फंसी बाइक
टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुर्घटना के तुरंत बाद बाइक सीधे बस के अगले हिस्से में पहियों के नीचे जा घुसी और बुरी तरह फंस गई। बाइक के बस के नीचे फंस जाने के कारण वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
कई किलोमीटर तक लगा लंबा जाम
हादसे के कारण सड़क के दोनों ओर यात्री बसों, ट्रकों और छोटे वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और यात्रियों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और यातायात पुलिस बल तुरंत दल-बल के साथ दुर्घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बस के नीचे फंसी दुर्घटनाग्रस्त बाइक को बाहर निकलवाया। घायल बाइक सवार को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया।
पुलिस ने बस को कब्जे में लिया
इसके पश्चात पुलिस ने दुर्घटनाकारित बस को अपने कब्जे में लेकर जब्ती की कार्रवाई की और उसे कोतवाली थाने ले जाया गया। वहीं यातायात पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए क्रेन व अन्य साधनों के सहयोग से सड़क पर लगे लंबे जाम को हटवाया और लगभग घंटे भर की मशक्कत के बाद आवागमन को सुचारू रूप से बहाल कराया।
तेज रफ्तार पर कार्रवाई की मांग
स्थानीय निवासियों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कॉलेज मोड़ और आसपास के इलाकों में भारी एवं व्यावसायिक वाहनों की रफ्तार पर प्रशासन का कोई अंकुश नहीं है। बेलगाम दौड़ते ये वाहन आए दिन छोटे वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को अपनी चपेट में ले रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि इस व्यस्ततम मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ सख्त चालानी कार्रवाई की जाए।
ये भी पढ़ें: फायरिंग करने वालों से पुलिस की मुठभेड़, चार आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली