सिंगरौली में दहेज हत्या का मामला: 21 वर्षीय नवविवाहिता की मौत, पति समेत 3 आरोपी गिरफ्तार
सिंगरौली (मध्य प्रदेश)। के जियावन थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शादी के कुछ ही समय बाद एक 21 वर्षीय नवविवाहिता सखीना बेगम दहेज की बलिवेदी पर चढ़ गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए महज 24 घंटे के भीतर कार्रवाई कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
ग्राम परमा में सखीना बेगम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मर्ग जांच, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामला साफ तौर पर दहेज हत्या का पाया गया। परिजनों की शिकायत और जांच के आधार पर जियावन पुलिस ने धारा 103(1), 80(2), 85, 238, 3(5) BNS और 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध क्रमांक 0570/2026 दर्ज किया।
दबिश देकर आरोपियों को दबोचा, साक्ष्य जब्त
पुलिस अधीक्षक शियाज़ के.एम. के निर्देशन, एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन और एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी के नेतृत्व में थाना प्रभारी जियावन निरीक्षक राजेश मिश्रा की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने मामले में नामजद तीनों आरोपियों—पति मोहम्मद इद्रीश, ससुर मोहम्मद हनीफ उर्फ छोटे और जेठ तौफिक रजा उर्फ मोहम्मद तौफीस को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पति की निशानदेही पर वारदात से जुड़े अहम साक्ष्य बरामद
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी पति की निशानदेही पर वारदात से जुड़े अहम साक्ष्य, जैसे छिपाए गए चूड़ियों के टुकड़े, बरामद कर जब्त किए गए हैं। जियावन पुलिस ने 27 अगस्त 2026 को तीनों आरोपियों को माननीय देवसर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से अदालत के आदेश पर उन्हें जिला जेल पचौर भेज दिया गया है।
विभिन्न पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई में जियावन थाना प्रभारी राजेश मिश्रा, उप-निरीक्षक शेष नारायण दुबे, लक्ष्मी नारायण द्विवेदी, सउनि तेजबहादुर सिंह, प्रधान आरक्षक प्रतीक कुमार, महिला आरक्षक आराधना सिंह, जया दुबे और आरक्षक प्रभात दुबे की मुख्य भूमिका रही।
यह भी पढ़ें: मुरैना में बदहाल सड़क बनी मुसीबत, पंचपेड़ा के पास दो फीट गहरे गड्ढों से हादसे का खतरा