सिंगरौली के जयंत स्थित कंचन ज्वेलर्स डकैती और गोली

सिंगरौली कंचन ज्वेलर्स डकैती कांड का पर्दाफाश, जबलपुर स्टेशन से छठा आरोपी गिरफ्तार

Singrauli Jewellers Robbery Busted, Sixth Accused Arrested in Jabalpur

सिंगरौली (मध्य प्रदेश)। जयंत स्थित कंचन ज्वेलर्स में हुए सनसनीखेज डकैती और गोलीबारी मामले में सिंगरौली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रकरण के छठवें एवं अंतिम फरार आरोपी राहुल कुमार को जबलपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही, वारदात में संलिप्त सभी छह आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

रोशन स्वीपर की अगुवाई में रची गई थी डकैती की साजिश

​जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी रोशन स्वीपर की अगुवाई में लगभग एक माह पूर्व इस डकैती की साजिश रची गई थी। आरोपियों ने झारखंड के गढ़वा से हथियारों के बल पर दो अपाचे मोटरसाइकिलें लूटी थीं। 

ज्वेलर्स दुकान में लूटपाट

17 सितंबर 2026 की शाम जयंत के बजरंग कॉम्प्लेक्स स्थित कंचन ज्वेलर्स में बदमाशों ने धावा बोला। विरोध करने पर दुकान संचालक के साथ मारपीट की गई और कर्मचारी राहुल विश्वकर्मा को गोली मारकर घायल कर दिया गया, जिसके बाद बदमाश सोने-चाँदी के आभूषण और लगभग ढाई लाख रुपये नकदी लूटकर फरार हो गए थे।

पांच आरोपी पहले ही हो चुके थे गिरफ्तार

​घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के कुशल नेतृत्व में विशेष टीमों ने उत्तर प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ में सघन दबिश दी। सीसीटीवी फुटेज के सूक्ष्म विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्यों और अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय के आधार पर शुरुआती पाँच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था।

जबलपुर स्टेशन से आरोपी गिरफ्तार

​हाल ही में अंतिम आरोपी राहुल कुमार के चेन्नई से लौटने और दोबारा भागने की फिराक में होने की गोपनीय सूचना मिली। इस पर जयंत पुलिस ने साइबर सेल सिंगरौली और आरपीएफ जबलपुर के संयुक्त सहयोग से उसे जबलपुर रेलवे स्टेशन से धर दबोचा। आरोपी की निशानदेही पर लूटे गए 11 नग सोने के जेवरात, 2 चाँदी की मूर्तियाँ, नकदी, एक देशी कट्टा और कारतूस बरामद किया गया है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी से पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का प्रभावी पर्दाफाश किया है। 

यह भी पढ़ें:   बांदा के शिव बाबा तालाब में मिला 52 वर्षीय कल्लू वर्मा का शव, मौत की वजह अब भी अनजान