सिंगरौली हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, पति-पत्नी ने मिलकर युवक की हत्या की; दोनों गिरफ्तार
सिंगरौली (मध्य प्रदेश)। जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र के ग्राम भडहोर में 30 जुलाई 2026 की शाम हुई सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस अंधे कत्ल को अंजाम देने वाले मुख्य आरोपी पति और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या था पूरा मामला?
फरियादी संतोष यादव (निवासी परसौना) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका 24 वर्षीय पुत्र बल्लू यादव 30 जुलाई की शाम करीब 6 बजे घर से पैदल भडहोर की तरफ गया था। रात करीब 8 बजे उनके भाई ने सूचना दी कि बल्लू यादव का खून से लथपथ शव गेहूआरी टोला भडहोर में रोड के किनारे पड़ा है। उसके गले और चेहरे पर धारदार हथियार से गंभीर घाव थे।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और इनाम की घोषणा
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सुधेश तिवारी ने तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर एफएसएल यूनिट और डॉग स्क्वाड की मदद से साक्ष्य जुटाए। अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। अंधे कत्ल के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक पियाज केएम (भापुसे) द्वारा 10,000 रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा और एसडीओपी ललित बैरागी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर संदेही रामायण कोल और उसकी पत्नी को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी पत्नी प्रियंका कोल ने बताया कि जब उसका पति रामायण कोल सूरत कमाने गया था, तब मृतक बल्लू यादव उसके साथ घर पर छेड़खानी करता था। लौटने पर उसने यह बात अपने पति को बताई। इसी रंजिश के चलते 30 जुलाई को पति-पत्नी ने योजना बनाकर धारदार टांगी से वार कर बल्लू यादव की हत्या कर दी।
यह भी पढ़ें: पूर्णिया में सरेआम हत्या: मरंगा चौक पर चाउमीन दुकानदार को अपराधियों ने मारी पांच गोलियां, मौत