सिरोही के आबूरोड में मोबाइल स्नैचिंग का आरोपी पुलि

सिरोही में पुलिस अभिरक्षा से मोबाइल स्नैचिंग का आरोपी फरार, पुलिसकर्मियों पर पत्थरबाजी

Sirohi: Mobile Snatching Accused Escapes Police Custody, Attacks Cops

सिरोही (राजस्थान)। जिले के आबूरोड से बड़ी खबर सामने आई है। मोबाइल स्नैचिंग के मामले में गिरफ्तार आरोपी रवि गरासिया पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। आरोपी को बरामदगी के लिए आबूरोड सदर थाना पुलिस तलेटी स्थित मुखरी माता मंदिर के पास लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर खेत की बाड़ के नीचे से निकलकर जंगल की ओर भाग गया।

पुलिस टीम पर पत्थरबाजी, दो पुलिसकर्मी घायल

आरोपी के भागने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया। इस दौरान आरोपी ने पीछे से पुलिस टीम पर पत्थरबाजी कर दी। पत्थर लगने से हेड कांस्टेबल भंवरलाल और कांस्टेबल लेखराज के चोट लगने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल आसपास के जंगल एवं संभावित रास्तों पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

जंगल और आसपास के इलाकों में देर रात तक चला तलाशी अभियान

आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। देर रात तक पुलिस की कई टीमें जंगल और आसपास के क्षेत्रों में आरोपी की तलाश में जुटी रहीं। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही पुलिस द्वारा आने-जाने वाले रास्तों पर भी निगरानी बढ़ाई गई।

एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने आबूरोड पहुंचकर लिया जायजा

घटना की जानकारी मिलने पर एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ भी आबूरोड पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। एसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं टीमों को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए सख्त निर्देश दिए। पुलिस की विभिन्न टीमें आरोपी की तलाश में लगातार जुटी हुई हैं।

संभावित ठिकानों और संपर्कों की जानकारी जुटा रही पुलिस

पुलिस अब आरोपी के संभावित ठिकानों और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी भी जुटा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। 

यह भी पढ़े:   मुरैना में महिला की गोली मारकर हत्या, पति गिरफ्तार