सिरोही जिले के निकाय चुनाव में अलग-अलग तस्वीर, कहीं भाजपा तो कहीं कांग्रेस का परचम
सिरोही {राजस्थान}: सिरोही जिले में नगर निकायों के अध्यक्ष और सभापति पद के चुनाव में अलग-अलग राजनीतिक तस्वीर सामने आई है। मंडार नगरपालिका में भाजपा के प्रागाराम कोली अध्यक्ष निर्वाचित हुए, वहीं सिरोही नगर परिषद में कांग्रेस की रितु जैन ने सभापति पद पर जीत दर्ज की। इसके अलावा पर्यटन नगरी माउंट आबू में भी भाजपा ने अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है।
मंडार नगरपालिका में भाजपा के प्रागाराम कोली अध्यक्ष
मंडार नगरपालिका के अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के प्रागाराम कोली ने जीत हासिल की। कुल 20 पार्षदों में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में 13 मत, जबकि कांग्रेस के पक्ष में 7 मत पड़े। प्रागाराम कोली ने 6 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर मंडार नगरपालिका की कमान संभाली। सिरोही नगर परिषद के सभापति पद के चुनाव में कांग्रेस की रितु जैन विजयी हुईं। कुल 35 मतों में रितु जैन को 30 मत, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 5 मत मिले। रितु जैन ने 25 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
माउंट आबू में भाजपा के सुनील आचार्य अध्यक्ष निर्वाचित
वहीं पर्यटन नगरी माउंट आबू नगरपालिका में भाजपा के सुनील आचार्य ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद के चुनाव में कुल 25 मत पड़े, जिनमें भाजपा प्रत्याशी सुनील आचार्य को 19 मत मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी यश शर्मा को 6 मत प्राप्त हुए। सुनील आचार्य ने 13 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर माउंट आबू नगरपालिका के अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
भाजपा समर्थकों में उत्साह
माउंट आबू के परिणाम के बाद भाजपा समर्थकों में उत्साह का माहौल है। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी यश शर्मा को 6 मत मिले। माउंट आबू में सुनील आचार्य की जीत के साथ भाजपा ने नगरपालिका बोर्ड की कमान अपने हाथों में ले ली है। सिरोही जिले में सामने आए इन परिणामों में मंडार और माउंट आबू में भाजपा को अध्यक्ष पद पर सफलता मिली, जबकि सिरोही नगर परिषद में कांग्रेस की रितु जैन सभापति निर्वाचित हुईं।
ये भी पढ़ें: उज्जैन में जन्मदिन की पार्टी के बाद चाकूबाजी, तीन घायल; सात पर केस, दो आरोपी गिरफ्तार