सिरोही पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रेवल्स बस से स्कॉच शराब के 10 कार्टन जब्त; तस्कर गिरफ्तार
सिरोही (राजस्थान)। जिले की आबूरोड रीको थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निजी ट्रेवल्स बस से राजस्थान निर्मित महंगी स्कॉच अंग्रेजी शराब के 10 कार्टन जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से शराब की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
अवैध शराब तस्करों पर विशेष कार्रवाई
जिला पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर सिंह चौहान एवं वृत्ताधिकारी ब्रजेश कुमार के सुपरविजन तथा रीको थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह चम्पावत के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
स्कॉच शराब के 10 कार्टन हुए बरामद
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई की रात मावल पुलिस चौकी पर गुजरात की ओर जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान आबूरोड से गुजरात जा रही निजी ट्रैवल्स बस AR-11-C-4577 को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान बस की डिक्की से राजस्थान निर्मित महंगी स्कॉच अंग्रेजी शराब के 10 कार्टन बरामद हुए।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने मौके पर शराब जब्त कर राजेन्द्र चोयल (31) पुत्र भोलाराम, निवासी जेलवा, थाना बिलाड़ा, जिला जोधपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उससे शराब के स्रोत, सप्लाई चेन तथा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
यह भी पढ़े: नालंदा में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, फायरिंग में 5 घायल; पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में लिया