सिरोही में शराब तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 503 कार्टून शराब जब्त
सिरोही (राजस्थान)। आबूरोड रीको पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब के 503 कार्टून जब्त किए हैं। पुलिस ने शराब की तस्करी के आरोप में ट्रक चालक लाडूराम विश्नोई (51) निवासी तेतरोल, थाना चितलवाना, जिला जालौर को गिरफ्तार किया है।
ट्रक के गुप्त बॉक्स में मिट्टी के नीचे छिपी मिली शराब
पुलिस के अनुसार, मावल पुलिस चौकी पर अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान गुजरात की ओर जा रहे एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में बने गुप्त बॉक्स देखकर पुलिस को शक हुआ। जांच करने पर गुप्त बॉक्स में मिट्टी के नीचे छिपाकर चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब की खेप रखी मिली।
दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक, 503 कार्टून शराब जब्त
ट्रक चालक शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने ट्रक से शराब के कुल 503 कार्टून जब्त कर चालक लाडूराम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब शराब की खेप कहां से लाई गई और गुजरात में किसे सप्लाई की जानी थी, इसे लेकर आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पांच दिन में शराब तस्करी के खिलाफ दूसरी बड़ी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक आबूरोड रीको थाना पुलिस की ओर से पांच दिन में शराब तस्करी के खिलाफ यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोरसिंह चौहान एवं वृत्ताधिकारी आबूराज जितेंद्रसिंह के सुपरविजन तथा थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह चम्पावत के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में भवानीसिंह, दिलीपसिंह, बाबूसिंह, प्रकाश, पवनसिंह, राजूराम और जूठाराम सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह भी पढ़े: डीडवाना कुचामन में सूने मकान में चोरी, सोना चांदी और नकदी ले गए चोर