रायबरेली में गैंगस्टर एक्ट के छह आरोपी गिरफ्तार, गिरोह का सरगना भी हत्थे चढ़ा
रायबरेली: जिले की जगतपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने गैंगस्टर अधिनियम के तहत लंबे समय से वांछित छह शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपी संगठित गिरोह बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस की कार्रवाई से इलाके के अपराधियों में हड़कंप मचा है।
एसपी ने किया गिरोह का पर्दाफाश
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं। ये गिरोह बनाकर सुनियोजित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। इस पूरे संगठित गिरोह का सरगना मधवापुर गांव निवासी सचिन पटेल है। सचिन ही इस गिरोह का संचालन करता था और वारदात की योजना बनाता था। गैंगस्टर एक्ट दर्ज होने के बाद से ही पुलिस टीम इन आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
गिरोह में कई इलाकों के 'शातिर' शामिल
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की कुंडली खंगालने पर पता चला है कि गैंग के तार जिले के कई इलाकों से जुड़े थे। पकड़े गए बदमाशों में जगतपुर थाना क्षेत्र के मधवापुर गांव निवासी सचिन पटेल (गैंग लीडर), मायेमऊ गांव निवासी शिवा पटेल, आकाश पटेल, हरदीटीकर गांव निवासी पिंकू, ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के बहेरवा गांव निवासी मनीष कुमार और सलोन कोतवाली क्षेत्र के गौवा बाजार निवासी राजकुमार शामिल हैं।
गिरोह के संपर्कों और आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी पुलिस
एसपी रवि कुमार ने कहा कि जिले में किसी भी तरह के संगठित अपराध या अपराधियों को पनपने नहीं दिया जाएगा। गैंगस्टर एक्ट के तहत फरार चल रहे इन आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की सक्रियता का परिणाम है। सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस गिरोह के संभावित संपर्कों और आपराधिक इतिहास खंगालने में जुटी है।