कोरबा में तेज रफ्तार ट्रेलर ने मवेशियों को रौंदा, 6 गायों की मौत; ग्रामीणों ने चालक को पकड़ा
कोरबा,(छत्तीसगढ़)। जिला अंतर्गत उरगा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहाँ एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क पर बैठे आधा दर्जन से अधिक मवेशियों को बेरहमी से रौंद दिया। इस दिल दहला देने वाले हादसे में 6 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद मौके पर भारी हड़कंप मच गया।
लोगों में गहरा आक्रोश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार की सुबह उरगा थाना अंतर्गत कुदुरमाल भाटापारा स्थित धनराज पेट्रोल पंप के समीप घटित हुई। हमेशा की तरह सड़क पर मवेशी बैठे हुए थे, तभी एक अनियंत्रित और अत्यधिक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी, कि 6 गायों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बेजुबानों को रौंदने के बाद ट्रेलर चालक ने वाहन समेत मौके से भागने का प्रयास किया। लेकिन घटना को देख आसपास मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और भाग रहे ट्रेलर चालक को धर दबोचा। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और स्थिति को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश देखा गया।
भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर नाराजगी
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर ट्रेलर और अन्य भारी वाहन चालक अक्सर नियमों को ताक पर रखकर बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाते हैं। इसके कारण आए दिन इस क्षेत्र में दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने मांग करते हुए कहा कि "इस मार्ग पर भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर तत्काल रोक लगाई जाए और सड़क पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।"
सड़क पर मवेशियों का जमावड़ा भी बड़ी वजह
स्थानीय लोगों ने एक और गंभीर समस्या की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि मुख्य मार्ग पर आए दिन मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है। सड़कों पर बैठे इन मवेशियों और भारी वाहनों की तेज गति के कॉम्बिनेशन के चलते यह इलाका दुर्घटना का हॉटस्पॉट बनता जा रहा है। फिलहाल घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
यह भी पढ़ेंः उमरिया में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई आर्टिका कार; पांच लोगों की मौत