बालोद में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और वाहन की टक्कर में छह लोगों की मौत
बालोद (छत्तीसगढ़)। जिले में शुक्रवार को हुए एक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और सात अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जिले के मरकाटोला घाट के निकट ट्रक और एक छोटे वाहन के बीच टक्कर के कारण छोटे वाहन में सवार छह लोगों की जान चली गई। ये सभी लोग छोटे वाहन में सवार होकर कवर्धा से जगदलपुर की ओर जा रहे थे, लेकिन बालोद जिले के मरकाटोला घाट के पास उनका वाहन खराब हो गया था।
वाहन खराब होने के दौरान हुआ हादसा
अधिकारियों के अनुसार वाहन में सवार यात्रियों में से दो व्यक्ति मिस्त्री को बुलाने के लिए धमतरी की ओर गए थे। उन्होंने बताया कि इस दौरान पूर्वाह्न लगभग 11:30 बजे रायपुर से जगदलपुर की तरफ जा रहे गेहूं से भरे एक ट्रक ने खड़े वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी और उसे कुछ दूर तक घसीटकर ले गया। अधिकारियों के अनुसार इसके बाद ट्रक भी सड़क पर पलट गया। इस भयानक हादसे में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई तथा 11 अन्य लोग घायल हो गए।
घायलों का इलाज जारी और फरार चालक की तलाश
अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद तुरंत पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया तथा सभी शवों और घायलों को धमतरी के जिला अस्पताल भेजा गया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपचार के दौरान चार और लोगों की मौत हो गई, जिससे मृतकों का कुल आंकड़ा छह पहुंच गया है, जबकि सात अन्य घायलों का इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: ओडिशा में गहरे दबाव के कारण भारी बारिश, 10,0000 लोग सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित