प्रतापगढ़ में बारिश से 100 साल पुराना मकान ढहा, छह लोगों की मौत पर CM योगी ने जताया शोक
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतापगढ़ में देर रात की घटना में हुई जनहानि पर शोक जताया। बारिश की वजह से नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली वार्ड में करीब 100 वर्ष पुराना मकान गिर गया। इसके मलबे में दबकर छह लोगों की मौत हो गई, जबकि परिवार का एक सदस्य घायल है। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य एक ही कमरे में सो रहे थे। जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी टीम के साथ राहत-बचाव कार्यों में जुट गए।
सीएम ने समुचित इलाज के दिए निर्देश
हादसे में महुली निवासी नितिन श्रीवास्तव (24), माधव (2), रीता श्रीवास्तव (42),प्रमोद श्रीवास्तव (45), माधुरी (24), बाबू (6 माह) का निधन हो गया, जबकि अमन श्रीवास्तव घायल हैं। मुख्यमंत्री ने स्थानीय जिला प्रशासन व मुख्य चिकित्सा अधिकारी को घायल अमन के समुचित इलाज का निर्देश दिया है।
सीएम योगी ने 'एक्स' पर पोस्ट कर संवेदना व्यक्त की
इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर पोस्ट कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि जनपद प्रतापगढ़ में दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। भगवान राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें और घायल को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
ये भी पढ़ें- यूपी में परिवहन व्यवस्था को मजबूती, 5 जिलों में डिटेंशन यार्ड निर्माण के लिए 6 करोड़ रुपये मंजूर