45 दिन से लापता युवक का नदी किनारे मिला कंकाल, हत्या की आशंका से सनसनी
बांका: जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां लहरनिया नदी किनारे झाड़ियों में एक युवक का कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर पेड़ से रस्सी बंधी मिली, जबकि सिर और शरीर के अन्य अवशेष अलग-अलग अवस्था में पड़े थे।
मोबाइल और दस्तावेजों से हुई पहचान
मोबाइल, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान दिग्घीबारी गांव निवासी दीनदयाल यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दीनदयाल 16 सितंबर को कमाने के लिए घर से निकले थे। 20 सितंबर के बाद उनका मोबाइल बंद हो गया था। परिवार ने 17 सितंबर को ही उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मृतक के परिजनों ने पड़ोस के कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि करीब एक महीने पहले उन्हें धमकी भी दी गई थी। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। पति का कंकाल मिलने के बाद पत्नी कविता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और उन्हें फांसी की सजा देने की मांग की है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। आनंदपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार के अनुसार, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वैज्ञानिक साक्ष्यों की जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
ये भी पढ़ें: पटाखे खरीदने बाजार गए 5 दोस्त, हादसे में दो सगे भाइयों समेत 3 की मौत