वाराणसी से जालंधर तक दौड़ेगी स्लीपर वंदे भारत, दिल्ली होते हुए चलाने की तैयारी; यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
वाराणसी {उत्तर प्रदेश}: पूर्वांचल के रेल यात्रियों को जल्द ही एक और वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिल सकती है। रेलवे वाराणसी से जालंधर के बीच स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की तैयारी में जुटा है। रेल सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित ट्रेन का संचालन सप्ताह के सातों दिन करने की योजना है। ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए इसे दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन के रास्ते चलाने पर भी विचार किया जा रहा है, जिससे दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
स्लीपर कोच होगी सबसे बड़ी खासियत
जानकारी के अनुसार, यह वंदे भारत एक्सप्रेस मौजूदा ट्रेनों से अलग होगी, क्योंकि इसमें स्लीपर कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। हालांकि, अभी ट्रेन के अंतिम रूट और संचालन तिथि पर आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है। रेलवे के संबंधित विभागों को तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं और योजना को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी है।
स्टेशन पर तैयारियों का लिया गया जायजा
इसी क्रम में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और बनारस रेल मंडल के डीआरएम आशीष जैन ने अपनी टीम के साथ बनारस रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्टेशन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया, हालांकि प्रस्तावित स्लीपर वंदे भारत को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया।
दिल्ली, पंजाब और जम्मू के यात्रियों को होगा लाभ
वर्तमान में वाराणसी से दिल्ली के लिए दो वंदे भारत ट्रेनों सहित कई अन्य ट्रेनों का संचालन होता है, लेकिन जालंधर के लिए अभी तक वंदे भारत सेवा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में नई ट्रेन शुरू होने से दिल्ली, पंजाब और जम्मू जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि वाराणसी कैंट और बनारस रेलवे स्टेशन से चलने वाली ट्रेनों में लगातार यात्रियों का दबाव बढ़ रहा है और अधिकांश ट्रेनों में सीटें पहले से ही फुल रहती हैं। नई स्लीपर वंदे भारत शुरू होने से लंबी दूरी की यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी। खासतौर पर मां वैष्णो देवी धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और जम्मू की यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका सीधा फायदा मिलेगा। फिलहाल बनारस से जम्मू के लिए बेगमपुरा एक्सप्रेस प्रमुख विकल्प है।
यह भी पढ़े: दिल्ली के मंगोलपुरी में चाकू से हमला: एक की मौत, भाई घायल; परिवार ने पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप